द सीजी न्यूज
भिलाई नगर/ आज महापौर परिषद की बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निगम आयुक्त रोहित व्यास सहित सभी एमआईसी मेंबर मौजूद थे। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण विषय वेतन भुगतान को लेकर किया गया। महापौर परिषद ने अधिकारी/कर्मचारियों के हित को देखते हुए और आगामी त्योहारों के मद्देनजर संचित निधि में उपलब्ध राशि का उपयोग वेतन भुगतान करने स्वीकृति दे दी है, सभी सदस्यों ने एक स्वर में इसे स्वीकारा। इसके लिए संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को पत्र प्रेषित किया गया है।
बता दें कि नियमित अधिकारी/कर्मचारियों का सितंबर माह का वेतन आज 14 अक्टूबर तक नहीं मिला है। महापौर परिषद ने सकारात्मक निर्णय अधिकारी/कर्मचारियों के पक्ष में लिया है। प्लेसमेंट कर्मचारियों का वेतन भी बकाया है। संचालनालय और शासन से अनुमति मिलते ही संचित निधि की उपलब्ध राशि में से तनख्वाह का भुगतान कर्मचारियों को किया जाएगा।
9 करोड़ 84 लाख 18 हजार रुपए संचित निधि की उपलब्धि राशि में से वेतन भुगतान किए जाने की स्वीकृति के लिए पत्र शासन की ओर भेजा जा चुका है। शासन स्तर पर स्वीकृति प्राप्त होते ही अधिकारी/कर्मचारी के खातों में पैसा आ जाएगा। अधिकारी, कर्मचारी हर्षोल्लास के साथ अपने परिवार के बीच त्योहार मना पाएंगे। बैठक में महापौर परिषद के सदस्य सीजू एंथोनी, संदीप निरंकारी, लक्ष्मीपति राजू, साकेत चंद्राकर, मालती ठाकुर, एकांश बंछोर, आदित्य सिंह, केशव चौबे, रीता सिंह गेरा, नेहा साहू, चंद्रशेखर गवई, मन्नान गफ्फार खान, मीरा बंजारे और निगम के अधिकारी/कर्मचारी मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
