Breaking News

स्वामी आत्मानंद स्कूल निर्माण में लेटलतीफी, कलेक्टर ने सबइंजीनियर को किया सस्पेंड : एसडीओ और ईई को नोटिस

  • कलेक्टर ने स्कूल, गौठान, धान खरीदी केन्द्र, अस्पताल, आंगनबाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण
  • शासन की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किया प्रेरित

द सीजी न्यूज

जांजगीर-चांपा / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज पामगढ़ विकासखंड के अंतर्गत स्कूल, अस्पताल, धान खरीदी केन्द्र, आंगनबाड़ी केन्द्र, गौठान आदि का निरीक्षण किया। पामगढ़ के स्वामी आत्मानंद स्कूल में निर्माण कार्य में प्रगति न होने और लापरवाही बरतने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने आरईएस के सब इंजीनियर प्रदीप देवागंन को निलंबित करते हुए एसडीओ और कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी किया। कलेक्टर ने कहा कि स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजना है। ऐसे में स्कूली विद्यार्थियों की सुविधाओं से जुड़े कार्याें में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने पामगढ़ ब्लाक के अंतर्गत बारगांव गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला स्व सहायता समूह के सदस्यों से आजीविका गतिविधियों के संबंध में चर्चा की। चौपाल लगाकर ग्रामीणों से शासन की योजनाओं से होने वाले लाभ के विषय में चर्चा करते हुए योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कलेक्टर ने गौठान में पैरादान हेतु किसानों को प्रोत्साहित करने, सचिव को निरंतर ग्रामीणों से संपर्क रखने, पशु पंजीयन की संख्या बढ़ाने, राजीव युवा मितान क्लब के युवाओं को भी गांवों में जाकर योजनाओ के प्रचार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खेतों में जैविक खाद सहित गौमूत्र का उपयोग करने की अपील की। कलेक्टर ने ग्राम तनौद में जल जीवन मिशन के कार्याें का निरीक्षण किया।

धान खरीदी में हो पूरी पारदर्शिता

कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र मेऊ, रसौटा में धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण करते हुए धान खरीदी में पारदर्शिता के निर्देश दिए। धान खरीदी में किसानों की सुविधाओं का ख्याल रखने और किसी प्रकार की गड़बड़ी किए जाने पर सख्त कार्यवाही करने की चेतावनी दी। कलेक्टर ने धान खरीदी के साथ केन्द्र में समय पर धान का उठाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने बेचे गए धान की नमी जांच करने के साथ ही धान बेचने आए किसानों से चर्चा करते हुए बैंक से पैसा आहरण के समय सतर्क रहने कहा।

शिक्षक सहित विद्यार्थियों का किया सम्मान

कलेक्टर ने ग्राम मेऊ में शासकीय प्राथमिक शाला का आकस्मिक निरीक्षण कर शिक्षकों की उपस्थिति की जांच की। कुछ शिक्षकों के प्रशिक्षण में होने पर नाराजगी जताई। कलेक्टर ने स्कूल में बिना पुस्तक देखे कविता वाचन करने पर पांचवी की छात्रा प्रक्षा और 19 का पहाड़ा सुनाने वाली एक अन्य विद्यार्थी सहित विद्यालय के शिक्षक भोजराम गुप्ता को बेहतर अध्यापन कराने पर अपना पेन देकर सम्मानित किया। कलेक्टर ने यहां आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण करते हुए बच्चों को दी जाने वाली आहार की जानकारी ली। कलेक्टर ने खरौद में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया और हैण्डओवर के संबंध में निर्देश दिए।

लाइब्रेरी संचालन, डिस्पेंसरी को अपग्रेड करने के दिए निर्देश

कलेक्टर ने शिवरीनारायण में शासकीय चिकित्सालय सिविल डिस्पेंसरी में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने प्रस्तावित निर्माण कार्याें के संबंध में आवश्यक निर्देश सीएमएचओ, एसडीएम को दिए। उन्होंने शिवरीनारायण जर्जर पड़े बस स्टैण्ड में लाइब्रेरी का संचालन करने हेतु नगर पंचायत शिवरीनारायण के सीएमओ आवश्यक मरम्मत के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि लाइब्रेरी में वाईफाई, शौचालय, पेयजल  सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हो, ताकि यहां अध्ययन करने आने वाले विद्यार्थियों  को किसी भी प्रकार की समस्याएं ना हो।

Check Also

जेआरडी स्कूल में बनेगा 270 सीटर ऑडिटोरियम

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के पहल से ऐतिहासिक स्कूल का होगा संरक्षण THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!