द सीजी न्यूज
दुर्ग / नगर निगम प्रशासन द्वारा मोर मकान-मोर चिन्हारी और मोर मकान मोर आस योजना के तहत पात्र आवेदकों को लोन की सुविधा दिलाने के लिए दो दिवसीय ऋण शिविर का आयोजन डाटा सेंटर में किया गया। शिविर के प्रथम दिन कुल 86 आवेदकों द्वारा आवास ऋण लेने के लिए अपने दस्तावेजों का परीक्षण बैंक अधिकारियों के समक्ष कराया गया। बैंकर्स द्वारा इन आवेदकों के आवेदन का परीक्षण किया जा रहा है। 15 पात्र आवेदकों द्वारा स्वयं आवास की राशि अदा करने की बात कही गई।
शिविर में निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने आवेदकों और बैंक अधिकारियों से पृथक-पृथक चर्चा की। ऋण प्रक्रिया में तेजी लाने निर्देशित किया गया। इस दौरान नोडल अधिकारी एस.डी. शर्मा ने बैंक अधिकारियों से ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया का सरलीकरण करने का अनुरोध किया। महापौर धीरज बाकलीवाल और आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने लोगों से अपील की है कि आवास आवंटन के लिए फरवरी माह के अंतिम सप्ताह में लाटरी निकाली जाएगी। इससे पहले प्रथम किश्त की राशि शीघ्र जमा करते हुए अपना खुद का पक्का आवास सुरक्षित कराएं। 12 फरवरी रविवार को भी शिविर जारी रहेगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
