Breaking News

नड्‌डा का बयान हास्यास्पद : देश के 18 करोड़ युवा मोदी सरकार से रोजगार पाने का इंतजार कर रहे : मोदी सरकार के साढ़े 8 साल के कार्यकाल के बाद भी आमदनी दोगुना करने वाली योजना की बाट जोह रहे किसान : राजेंद्र साहू

  • नड्‌डा बताएं – नौकरी देने वाले भूपेश सरकार का आरक्षण बिल क्यों लटकाया
  • 15 साल तक छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को सरकार बनाने का मौका दिया, लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं मिला, किसान आत्महत्या करने पर मजबूर होते रहे  

द सीजी न्यूज

छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार को आराम और भाजपा को काम देने के भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा के बयान पर प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र साहू ने कड़ा प्रहार किया है। राजेंद्र ने कहा कि नड्‌डा का यह बयान बेहद हास्यास्पद है। हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा भूल चुके भाजपा नेताओं को ऐसी झूठी बयानबाजी करना शोभा नहीं देता।

नड्‌डा पहले यह बताएं कि साढ़े 8 साल के कार्यकाल में मोदी सरकार ने देश के 18 करोड़ युवाओं को रोजगार क्यों नहीं दिया। देश के करोड़ों युवा आज भी नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। वादे के मुताबिक मोदी सरकार ने किसानों के लिए ऐसी योजना क्यों नहीं बनाई, जिससे उनकी आय दोगुनी होती। आज भी किसान मोदी सरकार की योजना का इंतजार कर रहे हैं, ताकि उनकी आमदनी दोगुना हो सके।  

राजेंद्र ने नड्‌डा के बयान पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने 15 साल तक भाजपा की रमन सरकार को काम दिया, लेकिन उस दौरानकिसान आत्महत्या के लिए मजबूर होते रहे। किसानों को न बढ़ा हुआ समर्थन मूल्य मिला, न वादे के मुताबिक बोनस दिया गया। यहां के युवा रोजगार के लिए तरसते रहे। आदिवासियों की जमीन उद्योगपतियों को दे दी गई। 15 साल के कार्यकाल में रमन सरकार द्वारा की गई लूट को प्रदेश की जनता ने देखा है।

राजेंद्र ने कहा कि नड्‌डा आरक्षण को लेकर कोई बयान क्यों नहीं दे रहे। महामहिम राज्यपाल अनसुइया उइके ने पहले कहा था कि दो मिनट के भीतर आरक्षण विधेयक पर हस्ताक्षर कर देंगी, लेकिन उन्होंने हस्ताक्षर नहीं किया। बाद में उन्होंने कहा कि मार्च में हस्ताक्षर कर देंगी, लेकिन मार्च से पहले ही उनको हटा दिया गया। अगर अनसुईया उइके मार्च तक राज्यपाल रहती, तो शायद वे वादे के मुताबिक मार्च में आरक्षण विधेयक पर हस्ताक्षर कर देती। लेकिन, शुरू से आदिवासी विरोधी रहे भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें हटा दिया।

भूपेश सरकार ने प्रदेश के युवक-युवतियों, महिलाओं और पुरुषों को भरपूर रोजगार दिया है। पूरे देश में बेरोजगारी दर 8.7 प्रतिशत है, जबकि छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी दर सिर्फ 0.4 प्रतिशत है। मोदी सरकार देश के 18 करोड़ युवाओं को रोजगार देने की फिक्र करे। छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार मिल रहा है। किसान खुशहाल हैं। उन्हें अनाज का दाम भरपूर मिल रहा है।

राजेंद्र ने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की डबल इंजन सरकार है, उन राज्यों की जनता का बुरा हाल है। उन राज्यों में किसानों की हालत बदतर है। नौकरी दे पाने में असफल रहे मोदी सरकार को आरक्षण के मुद्दे पर अड़ंगा लगाने की बजाय रोजगार के अवसर पैदा करना चाहिए। भूपेश सरकार ने विकास भी किया है और किसानों, आदिवासियों की आर्थिक समृद्धि भी बढ़ाने का काम भी किया है।

राजेंद्र ने कहा कि मोदी सरकार की तारीफ करने वाले नड्‌डा को यह भी बताना चाहिए कि केंद्र की मोदी सरकार के राज में किसानों की आय घटी है। महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, अनाज, खाद्य पदार्थ, रासायनिक खाद सहित सभी वस्तुओं की कीमत बढ़ने से आम जनता त्रस्त हो चुकी है। नड्‌डा आखिर किस मुंह से कह रहे हैं कि मोदी सरकार अच्छा काम कर रही है।    

Check Also

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा 30 अक्टूबर को दुर्ग में पदयात्रा में होंगे शामिल

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न THE …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!