द सीजी न्यूज

रायपुर। कांग्रेस के 85वें राष्ट्रीय महाधिवेशन की तैयारियां नवा रायपुर में चल रही है। इस बीच छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन के भीतर नया विवाद शुरू हो गया है। विवाद की शुरूआत रायपुर के महापौर एजाज ढेबर के कारण शुरू हुई। ढेबर ने रायपुर शहर और महाधिवेशन स्थल की ओर जाने वाली रोड पर बड़ी तादाद में पोस्टर-होर्डिंग लगा दिये हैं। इस मामले को लेकर प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की ओर से एक आदेश जारी किया गया है, जिसमें पोस्टर होर्डिंग को हटाने कहा गया है।
पीसीसी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि नवा रायपुर में एकात्म पथ से पुरखौती मुक्तांगन के टी पॉइंट तक, मेला ग्राउंड से मेन एंट्री पॉइंट तक और मेफेयर रिसॉर्ट से VVIP एंट्री पॉइंट तक का इलाका महाधिवेशन के लिए आरक्षित शहीद वीर नारायण सिंह नगर का हिस्सा होगा। इस पूरे इलाके में प्रचार सामग्री केवल प्रदेश कांग्रेस कमेटी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अनुमति से ही लग सकती है। आदेश में कहा गया है कि कोई भी वहां पर प्रचार सामग्री न लगाएं। अगर लगाया गया है, तो हटा लें, नहीं तो पार्टी हटा देगी।
गुटबाजी के कारण विवाद ?
महापौर एजाज ढेबर की ओर से लगाई गई प्रचार सामग्री में प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम का नाम भी नहीं था। इसके कारण प्रदेश कांग्रेस में गुटीय विवाद शुरू हो गया। बुधवार को देर शाम पीसीसी के प्रभारी महामंत्री-संगठन रवि घोष ने एक आदेश जारी किया। आदेश में उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के निर्देश के आधार पर कहा है कि जो प्रचार सामग्री लग गई है उसे हटा लेना ठीक होगा, अन्यथा उसे हटा दिया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
