Breaking News

माइनिंग विभाग में बिना आवेदन दिए 3 दिन से अनुपस्थित थे कर्मचारी : खाद्य विभाग की कैश बुक नहीं थी अपडेट : संभागायुक्त ने कार्रवाई की

द सीजी न्यूज


राजनांदगांव / संभागायुक्त महादेव कावरे ने आज सुबह राजनांदगांव कलेक्टोरेट में संचालित विभिन्न कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर डोमन सिंह उपस्थित रहे। संभागायुक्त ने उपस्थिति पंजी, लेखा रजिस्टर, हितग्राहियों को दी जा रही सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। खनिज शाखा में बिना आवेदन दिए 3 दिन से अनुपस्थित रहने और समय पर कार्यालय न पहुंचने वाले 3 कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसी तरह खाद्य विभाग के निरीक्षण के दौरान जुलाई के बाद कैश बुक अपडेट न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने खाद्य अधिकारी भूपेंद्र मिश्रा और लिपिक बुद्धमणि मंडलोई को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 7 दिनों के भीतर कैशबुक अपडेट करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त ने कलेक्टर न्यायालय में राजस्व आय, न्यायालय अर्थ दण्ड पंजी का भी निरीक्षण किया। जिला नाजिर शाखा में कैश बुक का अवलोकन करते हुए सभी पंजी अपडेट रखने के निर्देश दिए। चिटफंड की राशि और वेतन पंजी के संबंध में जानकारी लेते हुए परिवर्तित भूमि लगान वसूली 6 करोड़ 33 लाख रुपए शेष होने पर इसे जल्द पूरा करने कहा। न्यायालय नजूल अधिकारी कक्ष में अवलोकन के दौरान उन्होंने कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने के लिए राजस्व निरीक्षक हेतु लक्ष्य निर्धारित करने के लिए कहा।

संभागायुक्त ने राहत शाखा, भू-अर्जन शाखा, सहायक अधीक्षक कार्यालय, आदिवासी विकास विभाग, राजस्व विभाग, न्यायालय अपर कलेक्टर, वित्त शाखा, जिला नाजिर शाखा, राजस्व लेखापाल, राजस्व मोहर्रिर शाखा, राजस्व अभिलेख कोष्ठ, आंग्ल अभिलेख कोष्ठ, 20 सूत्रीय शाखा, मुख्य प्रतिलिपिकार शाखा, शिकायत शाखा, मुख्यमंत्री जनचौपाल शाखा, लायसेंस एवं सांख्यिकीय लिपिक शाखा, अल्प बचत शाखा, विकास शाखा, लोक सेवा गांरटी शाखा, भू-अर्जन शाखा, भू-अभिलेख शाखा, सहायक आयुक्त आबकारी, स्थानीय निर्वाचन शाखा का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, डिप्टी कलेक्टर सरस्वती बंजारे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Check Also

जेआरडी स्कूल में बनेगा 270 सीटर ऑडिटोरियम

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के पहल से ऐतिहासिक स्कूल का होगा संरक्षण THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!