- कलेक्टर ने समीक्षा बैठक में शहर को हराभरा बनाने हो रहे कार्यों की समीक्षा की
- भीड़भाड़ वाले इलाकों में बनेंगे स्मार्ट टायलेट, साफसफाई की होगी पुख्ता व्यवस्था
द सीजी न्यूज
दुर्ग/ जिले के नगरीय निकायों में 22 वर्टिकल गार्डन बनेंगे। सबसे पहले वर्टिकल गार्डन भिलाई में नेहरूनगर ओवरब्रिज और कोसा नाला पुल के दोनों ओर की वाल में बनेंगे। इसके बाद अन्य स्थानों पर वर्टिकल गार्डन का कार्य आरंभ होगा। वर्टिकल गार्डन से सुंदरता बढ़ाने के साथ ही प्रदूषण की रोकथाम में भी मदद मिलेगी। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने इस संबंध में अधिकारियों से विस्तार में चर्चा करते हुए कहा कि वर्टिकल गार्डन का प्रयोग जिन शहरों में हुआ है, वहां हरियाली का दायरा विस्तृत हुआ है। प्रदूषण कम करने में भी मदद मिली है। बैठक में भिलाई निगम आयुक्त रोहित व्यास, जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
स्मार्ट टायलेट बनेंगे, साफसफाई की पुख्ता व्यवस्था – कलेक्टर ने बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्वच्छ टायलेट्स की पुख्ता व्यवस्था करने पर जोर दिया। जिन स्थानों पर ज्यादा आवाजाही होती है, वहां पर स्मार्ट टायलेट बनाए जाएंगे। महिलाओं के लिए अलग से टायलेट बनाए जाएंगे। भिलाई में अभी दस स्मार्ट टायलेट बनेंगे, जिसमें बेबी फीडिंग रूम की व्यवस्था भी होगी। कलेक्टर ने कहा कि टायलेट्स की साफसफाई सबसे महत्वपूर्ण है। इसके लिए पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए। यात्री प्रतीक्षालय, चौकचौराहे आदि की सफाई की व्यवस्था भी पुख्ता होनी चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि बाजारों में ट्रैफिक की समस्या दूर करने अतिक्रमण पर लगातार कार्रवाई चलनी चाहिए ताकि नागरिक सुविधाओं में इजाफा हो सके।
गार्डन्स में बनेंगे प्लेजोन, एसएचजी की महिलाएं चलाएंगी – शहर के गार्डन की बेहतर रखरखाव की योजना बनाने के लिए भी कहा गया। उद्यानों में प्लेजोन बनाए जाएंगे जिनका संचालन एसएचजी की महिलाएं करेंगी। इनसे उन्हें आय भी होगी और आय का कुछ हिस्सा गार्डन के रखरखाव में भी खर्च किया जाएगा। रोडसाइड प्लांटेशन को लेकर भी गहन समीक्षा की गई। रोडसाइड प्लांटेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर प्लांटेशन के लिए लगभग 18 हजार पौधे तैयार किये गये हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

