द सीजी न्यूज
होली के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई तीन स्थित निवास में आज फाग गीतों पर लोग झूमते रहे। खुद सीएम भूपेश बघेल एक के बाद एक फाग गीत गाते रहे। ढोलक की थाप पर गाए जा रहे फाग गीतों पर लोग झूमते-थिरकते रहे।
मुख्यमंत्री को होली पर्व की बधाई-शुभकामनाएं देने विधायक अरुण वोरा भी पहुंचे। वोरा ने सीएम से कहा – दिल से कह रहा हूं … आप छत्तीसगढ़ के बेताज बादशाह हो … आपने छत्तीसगढ़वासियों का दिल जीत लिया है। सीएम ने वोरा को होलियाना अंदाज में मुस्कुराते हुए जवाब दिया – आप डॉन बनकर घूम रहे हो …
दरअसल वोरा ने काले रंग का चश्मा लगाया था। पिछले साल भी वोरा होली के अवसर पर सीएम को बधाई देने काला चश्मा पहनकर भिलाई तीन स्थित निवास गए थे। काले चश्मे को लेकर बीते बरस भी सीएम भूपेश बघेल और वोरा के बीच हंसी मजाक होती रही। इस बार भी सीएम ने वोरा को काला चश्मा पहनने पर हंसते हुए कह दिया कि डॉन बने घूम रहे हो।
वोरा ने मुख्यमंत्री से कहा कि बीते चार साल से छत्तीसगढ़वासियों के हित में आपके नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने अद्भुत निर्णय लिये। आपके नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने राज्य की तरक्की के लिए अविष्मरणीय कार्य किया है। इस साल के भरोसे का बजट पेश कर छत्तीसगढ़वासियों को बेमिसाल सौगातें दी गई हैं। कांग्रेस सरकार के बेमिसाल कार्यों के कारण कांग्रेस को अगले चुनाव में भी शानदार विजय मिलेगी। सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व में दोबारा छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनेगी। छत्तीसगढ़वासियों के कल्याण के लिए सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस का मिशन लगातार जारी रहेगा।
वोरा ने मुख्यमंत्री को मौजूदा कार्यकाल में किये गए कार्यों के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। वोरा के साथ महापौर धीरज बाकलीवाल, छत्तीसगढ़ राज्य मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष अलताफ अहमद, एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेश शर्मा, पूर्व साडा उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह भी मौजूद रहे।
होली पर्व पर हर साल की तरह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भिलाई तीन स्थित निवास पर फाग गीत गाते हुए। इस दौरान जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र साहू, ओएसडी मनीष बंछोर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal




