द सीजी न्यूज
शहर में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए वरिष्ठ कांग्रेस विधायक, राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा ने लगातार पहल कर रहे हैं। आज वोरा ने सीएमएचओ डॉ जे पी मेश्राम, सिविल सर्जन वाय के शर्मा, डॉ राजेन्द्र खंडेलवाल समेत सीजीएमएससी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के अपग्रेडेशन पर विस्तार से चर्चा की।
पिछले 4 वर्षों में दुर्ग जिले के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल के उन्नयन और शहर के सभी कोने में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ करने के लिए लगभग 100 करोड़ की राशि खर्च की गई है। ये कार्य लगातार हो रहे हैं। जिला अस्पताल जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने के लिए शहर में बघेरा, पोटिया और धमधा नाका स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हमर अस्पताल के रूप में अपग्रेड किया जा रहा है। 50-50 लाख की राशि खर्च कर अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सोनोग्राफी, एक्स रे, डेंटल क्लिनिक, फिजियोथेरेपी सुविधाओं के साथ 24 घंटे ओपीडी और मरीजों को भर्ती की सुविधा उपलब्ध रहेगी। चौबीस घंटे एमबीबीएस डॉक्टर मौजूद रहेंगे।
वोरा ने कहा कि 15 वर्षों के भाजपा शासन में दुर्ग शहर में स्वास्थ्य सेवाएं केवल जर्जर जिला अस्पताल के भरोसे चल रही थीं। लेकिन कांग्रेस सरकार आने के बाद विगत 4 वर्ष में ना सिर्फ जिला अस्पताल को मेट्रो सिटी की तर्ज पर स्मार्ट बनाया गया है, बल्कि हर वार्ड में जनता के लिए घर के द्वार पर मुफ्त और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया गया है। 500 बिस्तर वाला दुर्ग जिला अस्पताल मध्य आय वर्ग और गरीबों के इलाज का बड़ा सहारा है। यहां गुणवत्तायुक्त बेहतर चिकित्सा आम जनता को मिल रही है। इसे लक्ष्य बना कर कार्य किया जा रहा है।
आज हमर लैब में 214 तरह की जांच मुफ्त में कराई जा सकती है। सर्जिकल वार्ड, ट्रामा सेंटर, डेंटल ओपीडी, वायरोलॉजी लैब, ऑक्सीजन प्लांट, मेडिकल गैस पाइपलाइन की सुविधा से युक्त शासकीय अस्पताल पूरी तरह से अपग्रेड हो गया है। नया टीबी अस्पताल व क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण जारी है। वोरा ने सीजीएमएससी के अधिकारियों से प्रगतिरत कार्यों को समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि शहर के 21 वार्डों में 36-36 लाख से हमर क्लिनिक निर्माण स्वीकृत है जिनमें से 10 वार्डों में क्लिनिक का स्वयं का भवन जल्द तैयार कर लिया जाएगा।
राशन कार्ड की केवायसी के लिए लगाएं वार्डों में कैम्प लगाने दिए निर्देश
वोरा ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को वन नेशन वन कार्ड के अंतर्गत राशन कार्ड में केवायसी जोड़ने के लिए नागरिकों को हो रही परेशानी को देखते हुए हर वार्ड में कैम्प लगाने के निर्देश दिए हैं ताकि लोगों को राशन दुकानों में सर्वर धीमे होने की समस्या से निजात मिल सके।
150 लाख के कैमरों से शहर के चौक चौराहों की होगी मॉनिटरिंग
ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों से वोरा ने चर्चा की और शासन से स्वीकृत 1.5 करोड़ की राशि से 12 चौक चौराहों में लगाए जाने वाले सीसी टीवी, एफ आर, पीटीजेड, बुलेट व अन्य कैमरों को जल्द से जल्द लगाने निर्देशित करते हुए कहा कि 12 चौक चौराहों में 132 कैमरों की निगरानी से शहर और भी सुरक्षित होगा।
इस दौरान सीजीएमएससी के एसडीओ इरशाद खान, ईई विक्रम गांधी, ललित वर्मा, स्वास्थ्य विभाग से टार्जन आदिले, खाद्य विभाग से सी दीपांकर, भौमिक बघेल, रेणु जांगड़े, प्रकृति चंद्राकर एल्डरमैन राजेश शर्मा, अंशुल पांडेय ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर, विंध्याचल, टीआई संग्राम सिंह उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

