द सीजी न्यूज
फिल्म आदिपुरुष शुक्रवार को रिलीज होने के साथ ही पूरे देश में विवादों से घिर गई है। फिल्म में अराध्य देवों के चित्रण और डायलॉग्स को लेकर पूरे देश में विवाद शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फिल्म में पात्रों के चित्रण और डायलॉग को लेकर आपत्ति जताई है। छत्तीसगढ़ में फिल्म को बैन करने की बात की जा रही है।
भूपेश बघेल ने कहा कि फिल्म में बजरंग बली से बजरंग दल वाले शब्द बुलवाए गए हैं। हमारे जितने भी आराध्य देव हैं, उनकी छवि बिगाड़ने का काम हो रहा है। पहले भगवान राम और हनुमान जी का भक्ति से सराबोर सौम्य चेहरा दिखाई देता था। ये तस्वीर हमारे पुरखों ने बनाई थी।लेकिन इस फिल्म में भगवान राम को युद्धक राम और बजरंगबली को एंग्री बर्ड के तौर पर दिखाया जा रहा है।
भूपेश ने कहा कि आदिपुरुष में संवाद और भाषा अमर्यादित है। तुलसी रामायण में भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम बताया गया है और मर्यादित शब्दों का चयन किया गया है। लेकिन आदिपुरुष में हनुमान जी के पात्र का डायलॉग बेहद ही निम्न स्तर का है। राजीव गांधी जब प्रधानमंत्री थे तब उन्होंने रामानंद सागर से कहकर रामायण सीरियल बनवाया था। जो काफी लोकप्रिय हुआ था। उस समय बाजार बंद हो जाता था, गाड़ियां रुक जाती थी, काम-धाम छोड़कर सब रामायण सीरियल का इंतजार करते थे।
बचपन से ही हमारा परिचय हनुमान से ज्ञान,शक्ति और भक्ति के प्रतीक के रूप में कराया गया है। आदिपुरुष के बहाने भगवान राम और हनुमान की तस्वीर को पहले विकृत किया गया और अब उनके पात्रों द्वारा अमर्यादित शब्द बुलवाए गए। हमारे आराध्य देव जिनके प्रति हमारी आस्था है उनके पात्रों से ऐसा शब्द बुलवाना आपत्तिजनक है। इसकी मैं निंदा करता हूं।
भूपेश बघेल ने कहा कि राजनीतिक दल के लोग जो धर्म के ठेकेदार बनते हैं, आखिर वे इस मामले में मौन क्यों हैं। कश्मीर फाइल्स और केरल स्टोरी को लेकर बीजेपी के नेता बयान देते रहे हैं, लेकिन आदिपुरुष को लेकर ये मौन क्यों हैं। बीजेपी के निचले स्तर के नेता भी कुछ नहीं बोल पा रहे हैं।
16 जून को रिलीज हुई फिल्म
प्रभास, कृति सेनन और सैफ अली खान स्टारर फिल्म आदिपुरुष 16 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म को रिलीज के बाद से ही खराब VFX और इसके कुछ डायलॉग्स को लेकर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। ओम राउत द्वारा निर्देशित ‘आदिपुरुष’ का टोटल बजट करीब 650 करोड़ है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
