- केवल महिला डॉक्टर करेगी महिलाओं का इलाज
द सीजी न्यूज

दुर्ग/ आज शहर विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल ने महिलाओं के लिए दाई-दीदी क्लिनिक का शुभारंभ किया। आयुक्त लोकेश चन्द्राकर,सभापति राजेश यादव के मौजूदगी में वार्ड 6 मरार पारा शीतला तालाब के पास क्लिनिक का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 1 जुलाई को वर्चुवल कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजनांतर्गत प्रदेश के 46 निकायों में नई मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से महिलाओं के लिए दाई-दीदी क्लिनिक का शुभारंभ किया था।
आज दुर्ग शहर में इस योजना का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल और आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने मोबाइल क्लिनिक के भीतर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। दाई-दीदी स्पेशल क्लीनिक में डॉक्टर सहित सभी महिला स्टाफ मौजूद रहेंगे। केवल महिलाओं का ही निःशुल्क इलाज किया जाएगा।
महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि दाई-दीदी क्लीनिक देश में अपनी तरह का पहला क्लीनिक है, जो केवल महिलाओं का इलाज करेगा। वर्तमान में इसे रायपुर, दुर्ग-भिलाई और बिलासपुर निगम क्षेत्र में मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है और आगे इसका विस्तार किया जाएगा। विधायक अरुण वोरा ने कहा कि संकोच के कारण महिलाएं अपनी बीमारी को खुलकर नहीं बता पाती हैं। इस कारण उनकी बीमारी का सही उपचार नहीं हो पाता। अब दाई-दीदी क्लीनिक में महिला चिकित्सक और महिला स्टाफ होने से वे निःसंकोच इलाज करा सकेंगी।
उन्होंने महिलाओं से क्लिनिक का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की अपील की है। विधायक अरुण वोरा व महापौर धीरज बाकलीवाल ने शुभारंभ के मौके पर वृद्ध महिला खेटीया चन्द्राकर का इलाज भी कराया। निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने बताया कि दाई-दीदी क्लीनिक में महिलाओं के प्राथमिक उपचार के साथ-साथ महिला चिकित्सक द्वारा स्तन कैंसर की जांच, हितग्राहियों को स्व स्तन जांच का प्रशिक्षण, गर्भवती महिलाओं की नियमित और विशेष जांच आदि की अतिरिक्त सुविधा होगी। इस मौके पर पार्षद बिजेंद्र भारद्वाज, एल्डरमेन राजेश शर्मा, विजयंत पटेल, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, रानी देवांगन के अलावा डॉक्टर डॉ. रिया यादव, फार्मासिस्ट सुनिधि, लैब टेक्नीशियन रेशमा निर्मलकर, नर्स नॉशिन, मनीष यादव, धनराज चंद्राकर व वार्ड नागरिक मौजूद रहे।
दाई – दीदी क्लिनिक की विशेष सुविधाएँ
महिला चिकित्सक के साथ महिला स्टाफ द्वारा केवल महिलाओं का उपचार किया जाएगा। 41 प्रकार के लैब टेस्ट होंगे जिसमें HIV जांच, टाइफॉयड जांच, UPT जांच व अन्य जांच की सुविधा के साथ ही मोबाइल मेडिकल यूनिट में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन भी रहेगी। आज मेडिकल यूनिट क्लिनिक में तेजबति पटेल उम्र 50, ओमेश्वरी सोनी उम्र 38, गिरजा पटेल उम्र 60, सुगम बाई उम्र 50 का इलाज कराया गया। कल 6 जुलाई गुरुवार को एम.एम. यू 1 – वार्ड 10 शंकर नगर/ मोतीलाल नेहरू स्कूल के पास एम.एम.यू 2 – वार्ड 40 सुराना कॉलेज वार्ड / साईं मन्दिर के पास,एम.एम.यू 3 – वार्ड 46 पद्मनाभपुर (पूर्व) / जनता मार्केट दुर्ग एम.एम.यू 4 – वार्ड 06 ठेठवार पारा / गोपाल मंदिर के पास उपलब्ध रहेगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal