द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट के टिप्स देते हुए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सरकार की योजनाओं का प्रचार करने कहा। भाजपा आईटी सेल के झूठे प्रचार की पोल खोलने को बूथ प्रबंधन का अहम हिस्सा बताते हुए सीएम भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओ को जीत का मंत्र सिखाय। इस दौरान सीएम के साथ डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यकर्ताओं से जुड़े।
‘बूथ चलो अभियान’ के तहत अंबिकापुर विधानसभा के जोन, सेक्टर और बूथ कमेटी के कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ‘भाजपा के लोग खुले मंच से झूठ बोल रहे हैं, जिन्हें आईटी सेल व्हाट्सएप के माध्यम से हर घर तक पहुंचाता है। प्रधानमंत्री जैसे पद पर बैठा आदमी कहता है कि केंद्र सरकार धान खरीदने के लिए पैसा देती है, जबकि हकीकत में केंद्र सरकार धान खरीदने में अड़ंगा लगाती आई है। हमें किसानों को यह बताना होगा।’

सीएम भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं से अपने अनुभाग में प्रत्येक घर के मतदाताओं पर नजर रखने कहा। किसी भी वजह से कांग्रेस पार्टी से नाराज लोगों से चर्चा करने और उनकी नाराजगी दूर करने के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि अपने बड़े नेताओं को उनके घर ले जाएं। उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने सरगुजा में मतदान केंद्रों की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा की। उन्होंने बताया कि विधानसभा के सभी ब्लॉक में बड़े सीनियर पदाधिकारी जोन का जिम्मा संभाल रहे हैं। अनुभवी लोगों के काम का फायदा बूथ प्रबंधन में भी मिल रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
