द सीजी न्यूज
दुर्ग/ कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने जिला चिकित्सालय दुर्ग के चिकित्सकों/अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. वाय.के. शर्मा, सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय दुर्ग व जीवनदीप समिति के सदस्य पुरूषोत्तम कश्यप, दिलीप ठाकुर, दुष्यंत देवांगन और प्रशांत डोनगांवकर द्वारा आयोजित किया गया।
सम्मान समारोह में डॉ. कल्पना जैफ नेत्र रोग विशेषज्ञ को जिला चिकित्सालय में पहली बार कन्जेनाईटल कैरेक्ट सर्जरी की शुरूआत किये जाने के लिए, डॉ. कामिनी डडसेना डेंटल सर्जन को अस्पताल में पहली बार मैक्सिलोफेशियल सर्जरी की शुरूआत करने के लिए, डॉ. वाय किरण शिशु रोग विशेषज्ञ प्रिमैच्युर बच्चों हेतु सर्फेक्टेंट थेरेपी की शुरूआत करने, अस्पताल में गहन चिकित्सा इकाई के सफल संचालन के लिए डॉ. अनिल विवेक सिन्हा मेडिसिन विशेषज्ञ, डॉ. रचना दवे वरिष्ठ मेडिसिन विशेषज्ञ और चिकित्सा अधिकारियों डॉ. शबीना, डॉ. अपूर्वा सेंगर, डॉ. शाहजेब आसिफ को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार ब्लड बैंक में ब्लड के समस्त कम्पोनेंट व रक्तदान शिविर के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में ब्लड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के कार्य के लिए डॉ. प्रवीण अग्रवाल और डॉ. नेहा नालवाय पैथालॉजिस्ट को, अस्पताल में ईएनटी की मेजर सर्जरी की शुरूआत के लिए डॉ. रीनू तिवारी ईएनटी विशषेज्ञ को, स्त्री रोग विभाग में रात्रिकालीन सिजेरियन प्रसव कराने और रिफर कम करने के महत्वपूर्ण योगदान के लिए डॉ. बी.आर. साहू और डॉ. स्मिता स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. ए.के. साहू रेडियोलॉजिस्ट को अस्पताल के दोनों पालियों में मरीजों को सोनोग्राफी के साथ-साथ सीटी स्कैन की सुविधा निर्धारित समय पर उपलब्ध कराने के लिए सम्मानित किया गया।
डॉ. बसंत चौरसिया निश्चेतना विशेषज्ञ को आपातकालीन व मेजर सर्जरी के कार्य के लिए सम्मानित किया गया। समय की पाबंदी और उत्कृष्ट सर्जन हेतु डॉ. सरिता मिंज सर्जिकल विशेषज्ञ को जिला चिकित्सालय में न्यूरो सर्जरी की शुरूआत किये जाने के लिए डॉ. कुलदीप सिंग न्यूरोसर्जन सम्मानित किये गये। चिकित्सा अधिकारियों डॉ. सुनीता, डॉ. श्रेया वर्मा, डॉ. सदफ फिरदौस और डॉ. तान्या जायसवाल दंत चिकित्सक को नियमित रूप से सौपे गये कार्यों को सुचारू रूप से संपादित किये जाने के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. अखिलेश यादव अस्थि रोग विशेषज्ञ सह आरएमओ को चिकित्सकीय कार्यों के साथ-साथ अतिरिक्त प्रशासकीय कार्यों की जिम्मेदारी कुशलतापूर्वक निर्वहन करने के लिए सम्मानित किया गया।
अरूण पवार अस्पताल सलाहकार को जिला चिकित्सालय की महत्वपूर्ण उपलब्धि जैसे एनक्यूएएस, लक्ष्य, मुस्कान और कायाकल्प में महत्वपूर्ण योगदान व अस्पताल प्रबंधन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए किये गये प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। अंत में कलेक्टर द्वारा डॉ. वाय.के. शर्मा सिविल सर्जन को भी उनके द्वारा अस्पताल में दी गई प्रशासकीय जिम्मेदारियों के लिए सम्मानित किया गया। जीवन दीप समिति के सदस्यों द्वारा कलेक्टर को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा द्वारा भविष्य में उक्त कार्यक्रम बड़े पैमाने पर आयोजित करने के निर्देश दिये गए, ताकि सभी कर्मचारियों में प्रतिस्पर्धा का भाव बना रहे और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी/कर्मचारी समय-समय पर सम्मानित किये जा सकें।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


