द सीजी न्यूज
दुर्ग/ शहर में हरियाली बिखेरने के लिए नगर निगम द्वारा लगातार पौधारोपण किया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर छायादार और फलदार पौधे रोपे जा रहे हैं। दुर्ग शहर में अब तक पांच हज़ार तीन सौ पचास वृक्षों का रोपण किया जा चुका है। महापौर धीरज बाकलीवाल के निर्देश पर पांच जून से अभियान की शुरुआत की गई है। पुलगांव स्थित गौठान में हरियर शहर योजना के तहत सबसे पहले पौधे रोपे गए।
शहर को ग्रीन सिटी बनाने महापौर धीरज बाकलीवाल के निर्देश पर शुरू हुए पौधरोपण अभियान में विधायक अरुण वोरा, निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर, सभापति राजेश यादव, पर्यावरण प्रभारी सत्यवती वर्मा, एमआईसी सदस्य और पार्षदों व अधिकारियों ने सैंकड़ों की संख्या में पौधरोपण किया। गौरवपथ, स्टेशन रोड, शहीद चौक, स्टेशन रोड के डिवाइडरों में, जेल तिराहा से महाराजा चौक, नेहरू नगर से मिनी माता चौक तक के डिवाइडरों में और सड़क किनारे व जीई रोड, सर्किट हाऊस के पीछे, शिवनाथ नदी महमरा मुक्तिधाम मार्ग के दोनों ओर बादाम, कदम, नीम, कनेर, फॉस्टल पाम, चंपा, गुलमोहर, अमलताश, नीलमोहर, स्पाइडर लिली आदि पौधे रोपे गए।
जीई रोड के डिवाइडर पर भी पौधे रोपे गए हैं। इसके अलावा शासकीय कार्यालय भवन, आंगनबाड़ी केन्द्र, अस्पताल,तालाबों के चारों ओर, आत्मानंद स्कूल दीपक नगर, शासकीय आदर्श कन्या विद्यालय सिविल लाइन, शहर के उद्यानों, रिक्त शासकीय भूमि के अलावा वार्डों में सघन वृक्षारोपण किया जा रहा हैं। महापौर धीरज बाकलीवाल और आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने शहर के नागरिकों व समाजसेवी संस्थानों से अपील की है कि पर्यावरण के संरक्षण के लिए सघन वृक्षारोपण अभियान में भाग लें। उद्यान प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि नगर निगम के द्वारा वार्डों व नागरिकों को निःशुल्क पौधे का वितरण किया जा रहा है। मार्च में शिवनाथ नदी मुक्तिधाम मार्ग पर 117 बड़े पेड़ लगाए गए थे। यहां लगाए गए सारे पेड़ जीवित है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

