- मुख्यमंत्री ने किया शहीद वीरनारायण सिंह और मोतीलाल वोरा की प्रतिमा का अनावरण
- नेहरू नगर चौक भिलाई से मिनीमाता चौक पुलगांव तक मार्ग का नामकरण मोतीलाल वोरा के नाम पर करने की घोषणा
द सीजी न्यूज
दुर्ग/ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बस स्टैंड के पास स्थापित छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीरनारायण सिंह और राजेन्द्र पार्क चौक पर स्थापित अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर वन मंत्री मो. अकबर, पंचायत मंत्री रविन्द्र चौबे, कृषि मंत्री ताम्रध्वज साहू भी मौजूद थे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज के दिन को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि वोरा जी ऐसे शख्स थे जिनकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती। वे अपने कर्त्तव्य के प्रति तत्पर रहते थे। वे निरन्तर सक्रिय रहते थे। नगरीय निकाय की राजनीति से शुरूआत कर वे मंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल जैसे पदों पर रहे। वे विलक्षण प्रतिभा के धनी व्यक्ति थे। वोरा जी के साथ अनेकों संस्मरण हैं। विभिन्न पदों को सुशोभित करने वाले बिरले व्यक्ति ही होंगे।
मुख्यमंत्री ने वोरा के व्यक्तित्व को विस्तार पूर्वक रेखांकित करते हुए कहा कि वोरा जी के साथ बहुत सी यादें जुड़ी हैं। उन यादों को लेकर आगे बढ़ें तो सभी सफल रहेंगे। उन्होंने कहा कि वोरा के विचार को राजनीतिक जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है।
गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबू जी एक पाठशाला है, जितने लोग उनके सम्पर्क में आए। सभी उनसे सीखने का प्रयास कर रहे है। मंत्री ताम्रध्वज साहू ने वोरा से अपने करीबी संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि सुख के समय को मिल कर व्यतीत करे। इसी प्रकार दुख के समय को मिल बाट कर भोगे, ऐसा उनका विचार था।
विधायक अरुण वोरा ने स्वागत भाषण में स्व. मोतीलाल वोरा के राजनीतिक विरासत पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वे भी उनके पद चिन्हों पर चलने का प्रयास कर रहे है। विधायक अरूण वोरा ने प्रतिमा अनावरण के लिए मुख्यमंत्री को हार्दिक धन्यवाद दिया। इस अवसर पर महापौर धीरज बाकलीवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप चौबे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र साहू, पूर्व विधायक बीडी कुरैशी, एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, राजेश शर्मा सहित जनप्रतिनिधिगण और नगर के जनमान्य नागरिक उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


