- कोसरिया यादव महासभा का आयोजन
द सीजी न्यूज
दुर्ग / मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज जिला मुख्यालय दुर्ग के पुराना बस स्टैंड में कोसरिया यादव महासभा द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक अरुण वोरा और देवेन्द्र यादव, महापौर दुर्ग धीरज बाकलीवाल, महापौर भिलाई नीरज पाल, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष राजेन्द्र साहू, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यादव समाज भगवान कृष्ण को मानने वाला समाज है। भगवान कृष्ण के विभिन्न रूपों में हम दर्शन करते है। आज भगवान कृष्ण के जन्मदिवस के अवसर पर समाज जन्मोत्सव मना रहा है। सरकार में समाज के प्रतिनिधित्व के संबंध में अवगत कराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रजातंत्र में सभी समाज को अवसर मिलना चाहिए।
पशुधन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं से प्रदेश में बढ़ा दूध उत्पादन
सीएम ने कहा कि कृषि के साथ ही पशुधन को बढ़ावा देने की शासन की नीतियों की वजह से प्रदेश में दूध उत्पादन तेजी से बढ़ा है। पशुपालन को बढ़ावा देने से खेती किसानी की तरक्की होती है और किसानों की तरक्की पर ही व्यापार-व्यवसाय की तरक्की निर्भर है। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास की नवाचारी योजनाओं और इनके क्रियान्वयन से आर्थिक विकास का बेहतर माहौल तैयार हुआ है। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि सरकार द्वारा रोजगार सृजन के लिए भी बड़े पैमाने पर कार्य किये गये हैं।
सरकारी सेवाओं में नियुक्तियों के साथ ही कौशल विकास पर भी हमारा जोर रहा है। रीपा आदि के माध्यम से उद्यमशील युवाओं के लिए उद्यम के अवसर पैदा हुए हैं। सरकार ने समाज के सभी वर्गों के लिए योजना बनाई है। छत्तीसगढ़ किसानों का प्रदेश है। आज यहां के किसान खुश है। प्रदेश में कृषि के साथ व्यापार और उद्योग सभी चल रहे है। कोई समाज ऐसा नही जिसको सरकार ने जमीन नहीं दिया हो। सभी समाज को जमीन उपलब्ध कराया गया है। समाज की मांग के अनुसार भवन बनाने राशि भी दे रहे है।
मुख्यमंत्री ने समाज की मांग का जिक्र करते हुए कहा कि यादव समाज जमीन के लिए कलेक्ट्रेट में आवेदन प्रस्तुत कर निर्धारित मापदण्ड के अनुसार जमीन की व्यवस्था करा लें। जमीन मिलने पर भवन के लिए सरकार राशि उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि सरकार छत्तीसगढ़ के विकास के साथ यहां लोगों के लिए रोजगार का प्रबंध करा रही है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शोभा यात्रा में शामिल लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी। कोसरिया यादव समाज दुर्ग के अध्यक्ष बोधन यादव ने स्वागत भाषण में समाज की विभिन्न मांगों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और कोसरिया यादव समाज के अन्य पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal




