Breaking News

वोट चोरी के मामले में भाजपा और केंद्र सरकार का पाखंड-षड्यंत्र पूरी तरह बेनकाब : चौबे

  • पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे बोले – ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा, ज्ञानेश कुमार को बचाने वालों का जाना भी तय     

THE CG NEWS

दुर्ग। प्रदेश के पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे ने आज राजीव भवन में वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा और केंद्र सरकार को जमकर घेरा। कांग्रेस के एआईसीसी आब्जर्वर व झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर की मौजूदगी में राजीव भवन में हुई प्रेस कांफ्रेंस के दौरान चौबे ने कहा कि पूरा देश ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा चाहता है। चुनाव आयोग भाजपा का फ्रंटल आर्गेनाइजेशन बनकर रह गया है। हालत ये है कि कांग्रेस समेत समूचा विपक्ष जब चुनाव आयोग से सवाल करता है तो जवाब भाजपा के शीर्ष नेता देते हैं। आखिर ये रिश्ता क्या कहलाता है।

रविंद्र चौबे ने आगे कहा कि चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग करने वाले युवाओं और विपक्ष के प्रदर्शन को रोकने के लिये 75 हजार जवान तैनात किये गए। आखिर ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिये पूरी भाजपा सरकार की क्या मजबूरी है। वोट चोरी के मामले में समूचे देश में एक्सपोज हो चुकी भाजपा और केंद्र सरकार का पाखंड और षड्यंत्र पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। इसके विरोध में जनसैलाब सड़क पर उतर चुका है। अब तो ज्ञानेश कुमार को भी जाना होगा और उन्हें बचाने वाले राजा को भी जाना होगा।

चौबे ने कहा कि नीट मामले में छात्रों के आंदोलन के आगे सरकार को झुकना पड़ा। अब वोट चोरी के मामले में तो पूरा देश उठ खड़ा है। वोट चोरी, ईवीएम, वोट देने से करोड़ों लोगों को वंचित करने के षड्यंत्र से स्पष्ट हो गया है कि चुनाव आयोग ने सरकार के कहने पर मनमाने तरीके से काम किया है।

छत्तीसगढ़ का जिक्र करते हुए चौबे ने कहा कि ईवीएम हैक करने और वोट चोरी समेत तमाम हथकंडे अपनाकर भाजपा ने पिछला विधानसभा चुनाव जीता है। गलत तरीके से चुनाव जीतने वाले ऐसे परिणाम इलेक्शन कमीशन और ईवीएम की अवैध संतानें हैं।

चौबे ने कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिये चाहे जितने हथकंडे अपना ले, अंतत: ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा। ज्ञानेश को बचाने के लिये लोकतंत्र का चीरहरण किया जा रहा है। भारत में लोकतंत्र है। यहां तानाशाही नहीं चलेगी। ज्ञानेश कुमार को बचाने वाले लोग भी नहीं बचेंगे। ज्ञानेश कुमार के साथ ही उन्हें बचाने वाले लोगों को भी अंत में जाना ही होगा।                

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता सुबोध हरितवाल, धीरज बाकलीवाल, मुकेश चंद्राकर, राकेश ठाकुर, आरएन वर्मा, अय्यूब खान, संदीप वोरा, रायसिंह ढिकोला, राहुल शर्मा, नासिर खोखर, शिशिरकांत कसार, अजय शर्मा, आनंद कपूर ताम्रकार सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Check Also

दोनों दलों में महापौर प्रत्याशी चयन को लेकर बढ़ी गहमागहमी

विधायक रिकेश सेन कर सकते हैं दावेदारी कांग्रेस कर सकती है नीरज पॉल को रिपीट …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!