द सीजी न्यूज
हैदराबाद। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को पार्टी नेताओं से अनुशासन और एकजुटता का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी नेताओं से कहा कि वे अपने ईगो या व्यक्तिगत मतभेदों को दूर रखकर कांग्रेस की सफलता को प्राथमिकता दें और ऐसा कुछ न करें, जिससे पार्टी को नुकसान हो। खरगे ने कहा कि बेतुके फैसले लेने में मोदी सरकार का कोई जवाब नहीं। केंद्र की ‘तानाशाह सरकार’ को सत्ता से हटाकर लोकतंत्र को बचाना है। केंद्र की ‘तानाशाह सरकार’ को सत्ता से हटाने के लिए पूरी ताकत झोंकनी होगी।
खरगे ने पार्टी की विस्तारित कार्य समिति की बैठक में कांग्रेस नेताओं से आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने की अपील करते हुए कहा कि देश में बदलाव के संकेत हैं और कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव के नतीजे इस बात का प्रमाण हैं। खरगे ने नसीहत देते हुए कहा ‘‘यह ध्यान रखें कि हम अहं या अपनी वाहवाही के लिए ऐसा कुछ न करें, जिससे पार्टी का नुकसान हो जाए। अनुशासन के बगैर कोई नेता नहीं बनता। हम खुद अनुशासन में रहेंगे, तभी लोग हमारा अनुकरण करेंगे, हमारी बात मानेंगे। कर्नाटक में हम एकजुट रहे, जिसका नतीजा सबने देखा।’’
खरगे ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के मुद्दे को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने अपने एजेंडे को पूरा करने के लिए इस विषय पर समिति बनाई, जिसकी अध्यक्षता पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को सौंप दी। खरगे ने कहा ‘‘यह आराम से बैठने का समय नहीं है। दिन-रात मेहनत करनी होगी। हम सभी के जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते है, पर हमें हमेशा अनुशासन में ही रहना चाहिए।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार जनता के मूलभूत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए, नये-नये मसले लाकर ध्यान भटकाने की राजनीति करती है। खरगे ने कहा, ‘‘जिन राज्यों में हमारी सरकारें हैं, उनके अच्छे कामों को प्रचारित करना है। हमें यह भी बताना है कि केंद्र सरकार कैसे हमारी सरकारों की प्रगति में रोड़े डालती है। जहां हम विपक्ष में हैं, वहां हमें सत्तारूढ़ दल की खामियों और जनविरोधी नीतियों को बेनकाब करना है।’’
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
