द सीजी न्यूज
आधा दर्जन नकाबपोश युवकों ने मंगलवार की सुबह फिल्मी तर्ज पर रायगढ़ के घरघोड़ा मार्ग पर स्थित एक्सिस बैंक में दिनदहाड़े डकैती की वारदात को अंजाम दिया। लुटेरे बैंक के मैनेजर सहित अन्य स्टाफ को एक कमरे में बंद कर सोने के बिस्किट समेत सात करोड़ रुपये लेकर फरार हो गए।
सबसे पहले एक नकाबपोश लुटेरे ने बैंक के मैनेजर पर चाकू से वार किया और उन्हें लहूलुहान करने के बाद कर्मचारियों को एक कमरे में इकट्ठा कर बंद कर दिया। इसके बाद मैनेजर से लॉकर की चाबी मांगी। मैनेजर के जांघ व कमर में चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वापस बैंक लाकर पुलिस अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। मैनेजर ने पुलिस को बताया कि लुटेरे उनसे चाबी लेकर लाकर में रखे नगदी रकम को लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार मैनेजर ने सोने के बिस्किट के साथ लगभग सात करोड़ रुपये ले जाने की जानकारी दी है।

कुछ लोगों ने वारदात में शामिल दो अपराधियों को बैंक के बगल से जाने वाले रास्ते पर भागते हुए देखा है। लुटेरों के मोटरसाइकिल में सवार होकर बैंक तक आने की बात कही जा रही है। वारदात की सूचना पर डीआईजी, एसएसपी पुलिस टीम मौके पर पहुंच गए हैं। शहर में नाकेबंदी कर लुटेरों की तलाश की जा रही है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि तकनीकी दिक्कतों के कारण कुछ सीसीटीवी कैमरा बंद थे।
रायगढ़ एक्सिस बैंक में लूट की यह दूसरी बड़ी वारदात है। दिनदहाड़े सात करोड रुपये से अधिक की लूट की वारदात से हड़कंप मच गया है। रायगढ़ रेंज डीआईजी रामगोपाल गर्ग, एसपी सदानन्द कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी, साइबर सेल के प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

