Breaking News

भाजपा से चतुर्भुज राठी की दावेदारी पक्की होने से कांग्रेस की टिकट में फंसा पेंच : दुर्ग में ओबीसी प्रत्याशी उतार सकती है कांग्रेस : वोरा को पड़ोस से मिलेगी टिकट !!!

द सीजी न्यूज

आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा से चतुर्भज राठी को टिकट मिलना लगभग तय हो चुका है।  राठी की दावेदारी और चुनावी तैयारियों से कांग्रेस में हड़कंप है। कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में दुर्ग से प्रत्याशी चयन के लिए नए सिरे से विचार किया जा रहा है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि दुर्ग से ओबीसी प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारने पर विचार किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता मान रहे हैं कि चतुर्भुज राठी को भाजपा से टिकट मिलने पर वोरा की चुनावी राह बेहद कठिन हो जाएगी। राठी का सामाजिक आधार काफी मजबूत है। राजनीतिक रूप से वे भाजपा में कई साल से जुड़े हैं। मैदानी स्तर पर राठी की सक्रियता भले ही कम रही हो लेकिन उनकी गिनती बीते दो दशक से ज्यादा समय से भाजपा के पुराने कट्टर नेताओं में होती है। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह सहित कई केंद्रीय नेताओं से राठी के अच्छे रिश्ते रहे हैं।

राठी को जानने वालों का कहना है कि शहर विकास के लिए जिस विजन की दरकार है, वो विजन राठी के पास है। व्यवहार कुशलता के साथ ही उनकी बड़ी खूबी ये है कि वे जो कहते हैं, करते भी हैं। केवल आश्वासन देना या लोगों को चक्कर कटवाना राठी की फितरत नहीं है। राठी काम करने में विश्वास करते हैं। राठी चाहें तो रोज दर्जनों फोटो खिंचवा सकते हैं लेकिन ऐसा करने की बजाय वे ठोस काम करने में विश्वास करते हैं। कुल जमा निचोड़ ये है कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में विधायक अरुण वोरा की तुलना में चतुर्भुज राठी को काफी बेहतर प्रत्याशी माना जा रहा है।

वैसे भी कांग्रेस द्वारा कराए गए सर्वे में वोरा की हालत पतली बताई जा रही है। सूत्र बता रहे हैं कि दुर्ग में वोरा की कमजोर स्थिति और राठी की मजबूत दावेदारी के कारण कांग्रेस अब नई रणनीति पर काम कर रही है। राठी के मुकाबले ओबीसी प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारने पर विचार किया जा रहा है।

कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि वोरा को टिकट मिलना तय है। वोरा की टिकट नहीं कट सकती। लेकिन क्षेत्र को लेकर कांग्रेसी सूत्र कोई गारंटी नहीं दे रहे। कहा जा रहा है कि वोरा को पड़ोस के विधानसभा क्षेत्र वैशाली नगर से चुनाव लड़ाया जा सकता है।

दरअसल, वैशाली नगर क्षेत्र का बड़ा हिस्सा पहले दुर्ग विधानसभा का ही हिस्सा था। वोरा ने जब पहली बार 1993 में चुनाव लड़ा और विधायक बने थे, तब वैशाली नगर क्षेत्र का बड़ा हिस्सा दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में शामिल था। इसी वजह से भिलाई नगर निगम के पिछले चुनाव में वोरा को वैशाली नगर क्षेत्र में ही चुनाव प्रचार की कमान सौंपी गई। वैशाली नगर क्षेत्र के नागरिकों से वोरा के पुराने संबंधों को देखते हुए वोरा को वैशाली नगर से कांग्रेस की टिकट मिलने की संभावना जताई जा रही है।

इस नए समीकरण को देखते हुए अब कांग्रेस से ओबीसी दावेदारों ने टिकट के लिए मुहिम तेज कर दी है। ओबीसी वर्ग से पूर्व महापौर आरएन वर्मा और निगम सभापति राजेश यादव ने टिकट के लिए बाकायदा आवेदन दे रखा है। उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। आवेदन न करने वालों में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र साहू का नाम भी ओबीसी वर्ग से प्रमुखता से लिया जा रहा है। देखना ये है कि टिकट की लाटरी किसके नाम निकलेगी।

Check Also

टाउनशिपवासी बोले – डॉयलागबाजी की बजाय केंद्रीय इस्पात मंत्री या बीएसपी प्रबंधन से करें सार्थक चर्चा करें … बलिदान देने की बयानबाजी बेतुकी …

द सीजी न्यूज लीज, रिटेंशन और लाइसेंसधारकों को बीएसपी प्रबंधन की नोटिस मिलने के मुद्दे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!