Breaking News

आप सांसद संजय सिंह गिरफ्तार : दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने की कार्रवाई

द सीजी न्यूज

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार (4 अक्टूबर) को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में ईडी ने आज तड़के छापेमारी शुरू की थी। संजय सिंह आप पार्टी से राज्यसभा सदस्य हैं। ईडी ने इस मामले में पहले उनके स्टाफ सदस्यों और उनसे जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की थी। संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

ईडी का आरोप ये है

ईडी ने अपने आरोप पत्र में दिल्ली स्थित व्यवसायी दिनेश अरोड़ा का उल्लेख किया है। दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में आरोपी के रूप में अरोड़ा को नामित किया गया था। दिनेश अरोड़ा ने सरकारी गवाह बनने पर सहमति जताई है। आरोप है कि अरोड़ा ने संजय सिंह की मौजूदगी में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ उनके आवास पर बैठक की। अरोड़ा ने कहा कि एक कार्यक्रम के दौरान उनकी संजय सिंह से मुलाकात हुई थी। संजय सिंह से मुलाकात के बाद वह दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के भी संपर्क में आए। यह कार्यक्रम दिल्ली चुनाव से पहले धन जुटाने के लिए आयोजित किया गया था।

सीएम अरविंद केजरीवाल बोले – ऐसे कई छापे मारे जाएंगे 

संजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर ईडी, सीबीआई, आय़कर विभाग और पुलिस-सभी एजेंसियां सक्रिय हो जाएंगी। कल पत्रकारों के परिसरों पर छापे मारे थे। आज संजय सिंह के परिसर पर छापा मारा गया ऐसे कई छापे मारे जाएंगे, लेकिन डरने की कोई बात नहीं है।

आप नेता राघव चड्ढा ने कहा कि पिछले करीब 15 महीनों से बीजेपी एक तथाकथित शराब घोटाले की आड़ में हम पर आरोप लगा रही है।  पिछले 15 महीनों में 1 हजार जगहों पर ईडी द्वारा छापेमारी कराई गई है। 15 महीने बीतने के बाद लोगों को गिरफ्तार करने के बाद जांच में आज तक किसी एजेंसी को फूटी कौड़ी तक नहीं मिली। अगर कोई घोटाला होता तो न जाने कितनी संपत्ति बरामद होती। ये दिखाता है कि ये कार्रवाई राजनीति से प्रेरित है।

ईडी भाजपा का इलेक्शन डिपार्टमेंट बन गया – सुरजेवाला

ईडी की कार्रवाई पर दूसरे विपक्षी दलों ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि ईडी बीजेपी का इलेक्शन डिपार्टमेंट बन चुका है। संजय सिंह निर्भीक व्यक्ति हैं और मोदी सरकार को मुद्दों पर कठघरे में खड़े करते हैं। अब उनसे दुर्व्यवहार किया जा रहा है। यह स्वीकार नहीं किया जा सकता है। गौरतलब है कि दिल्ली शराब नीति मामले में ही ईडी और सीबीआई उपमुख्यमंत्री रहे मनीष सिसोदिया को भी गिरफ्तार कर चुकी है। सिसोदिया फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

Check Also

जश्ने ईद मिलादुन्नबी : आज नेअमते उज़्मा कॉन्फ्रेंस, 26 को शान से निकलेगा जुलूसे मोहम्मदी 

THR CG NEWS जिनके आने से रौशन हुए दो जहां,  उनके कदमों की बरकत पर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!