- रमन के घर पर अरुण साव, पवन साय सहित भाजपा नेताओं ने दिन भर किया प्रत्याशियों की नई सूची को लेकर मंथन
द सीजी न्यूज
रायपुर। भाजपा प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट लीक होने के बाद कई विधानसभा क्षेत्रों में विरोध के स्वर फूट रहे हैं। पिछले दो दिनों से एकात्म परिसर सहित सीनियर भाजपा नेताओं के निवास पर भाजपा के दावेदारों ने लावलश्कर के साथ धावा बोला है। इधर, सीनियर नेताओं ने विरोध जताने पहुंचे दावेदारों से साफ कह दिया है कि वायरल की गई लिस्ट भाजपा की अधिकृत सूची नहीं है। कोई भी दावेदार गलतफहमी न पाले। अधिकृत सूची शीघ्र जारी होगी।
सूत्रों ने बताया कि बुधवार को महासमुंद, बेमेतरा, आरंग, महासमुंद, बालोद, दुर्ग, साजा, अहिवारा सहित कई क्षेत्रों से दावेदार पहुंचे। कई दावेदारों ने दो-तीन सौ समर्थकों के साथ पहले एकात्म परिसर पहुंचकर पार्टी नेताओं से मिलने का प्रयास किया। एकात्म परिसर में बताया गया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव और संगठन महामंत्री पवन साय, महामंत्री विजय शर्मा सहित अन्य कई भाजपा नेता पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के निवास पर मौजूद हैं।
यह खबर मिलने के बाद भाजपा के दावेदार और उनके समर्थक मौलश्री विहार पहुंच गए। काफी भीड़ होने के कारण घंटो इंतजार करते भाजपा कार्यकर्ता जमीन पर ही बैठे रहे। घंटो इंतजार के बाद देर शाम को अरुण साव और रमन सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं की बातें सुनी और वायरल सूची पर ध्यान न देने की नसीहत दी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने साफ कहा कि यह सूची अधिकृत नहीं है। सोशल मीडिया और वेब पोर्टलों व अखबारों में वायरल लिस्ट को असली सूची मानना उचित नहीं है। पार्टी द्वारा प्रत्याशियों की अधिकृत सूची शीघ्र जारी की जाएगी। इसलिए वायरल सूची को लेकर विरोध जताने का भी कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने पार्टी की विजय के लिए सभी कार्यकर्ताओं से जुटने का आव्हान भी किया।
रमन निवास में मौजूद भाजपा सूत्रों ने बताया कि रमन निवास पर बुधवार को सुबह से ही पार्टी के शीर्ष नेताओं के बीच मंथन शुरू हो गया। एक-एक सीट पर नए सिरे से एक्सरसाइज की गई। भाजपा प्रत्याशियों की नई सूची बनाने में पहले से ज्यादा मेहनत की जा रही है। दरअसल, सोमवार को दिल्ली में देर रात तक चली बैठक के बाद सोशल मीडिया पर सूची वायरल हुई थी। इसे लेकर भाजपा के शीर्ष नेता काफी नाराजगी जताई। शीर्ष नेतृत्व जल्द से जल्द अधिकृत सूची जारी कर इस ड्रामेबाजी को खत्म करना चाहता है।
भाजपा के दावेदारों के बीच यह चर्चा होती रही कि आरएसएस में प्रभाव रखने वाले कई नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी चयन के लिए कराए गए पार्टी के सर्वे रिपोर्ट में छेड़छाड़ की है। सर्वे रिपोर्ट में बेस्ट कैंडीडेट माने जाने वाले दावेदार की जगह अपने करीबी का नाम दर्ज कर दिया गया। इसी सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशी चयन होना था। सर्वे रिपोर्ट में हेराफेरी की खबर के बाद पार्टी नेतृत्व ने इस पर काफी नाराजगी जताई है। प्रादेशिक नेताओं से स्पष्ट रूप से कहा गया है कि केवल जीतने योग्य दावेदारों की नई सूची बनाएं, ताकि विचार-विमर्श के बाद प्रत्याशियों की सूची जारी की जा सके।
दुर्ग से भी पार्षदों और पूर्व पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने साव, रमन से की मुलाकात
खबर मिली है कि दुर्ग से कई पार्षदों और पूर्व पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को रायपुर पहुंचा और मौलश्री विहार स्थित डॉ रमन सिंह के निवास पर वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं में से किसी एक को प्रत्याशी बनाया जाना चाहिए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने आश्वस्त करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा विचार विमर्श के बाद प्रत्याशी चयन किया जा रहा है। उन्होंने दुर्ग के भाजपा प्रतिनिधिमंडल से एकजुट होकर भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी को विजयी बनाने की नसीहत दी। इधर, खबर मिली है कि आज जिला भाजपा संगठन के कई पदाधिकारी भी रायपुर रवाना हो सकते हैं। वायरल सूची के अनुसार दुर्ग से गजेंद्र यादव को भाजपा प्रत्याशी बनाया गया है। गजेंद्र को भाजपा प्रत्याशी बनाने से कई स्तरों पर पार्टी में विरोध हो रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
