Breaking News

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ युवा मितान परिवहन योजना का किया शुभारंभ : घर से कॉलेज आने-जाने के लिए विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क परिवहन सुविधा

  • दूर-दराज से आने वाले छात्र-छात्राओं को अब नहीं होगी परेशानी
  • शासकीय कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले 1 लाख से ज्यादा नियमित विद्यार्थियों को होगा लाभ: मुख्यमंत्री  

छत्तीसगढ़ युवा मितान परिवहन योजना का शुभारंभ

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ युवा मितान परिवहन योजना का शुभारंभ किया। इसके अंतर्गत कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को घर से कॉलेज आने-जाने के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा मिलेगी। इस योजना से कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लाभ होगा।

 

 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने योजना के शुभारंभ पर छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैंने आप लोगों से वादा किया था कि कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को घर से कॉलेज और कॉलेज से घर आने-जाने के लिए शासन की ओर से निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आज इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ युवा मितान परिवहन योजना का शुभारंभ किया जा रहा है।

दूर-दराज से कॉलेज पढ़ने के लिए आने-जाने में विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के विद्यार्थियों को और भी ज्यादा कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विद्यार्थियों को कॉलेज आने-जाने के लिए निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने का वादा हमारे घोषणा पत्र में भी था। आज से इस सुविधा की शुरुआत की जा रही है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत शासकीय कॉलेजों और राजकीय विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले 1 लाख से ज्यादा नियमित विद्यार्थियों को लाभ होगा। इस योजना पर लगभग 110 करोड़ रुपए का आर्थिक व्ययभार आएगा, इसमें से आधा भार राज्य शासन द्वारा वहन किया जाएगा और आधा व्यय बस संचालकों द्वारा छूट के तौर पर वहन किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राज्य के सभी शासकीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करते हुए 30 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती की गई है। कॉलेजों में 1252 सहायक प्राध्यापकों, 40 ग्रंथपालों और 39 क्रीड़ा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। हाल ही में हमने 12 वीं के विद्यार्थियों के लिए स्वामी आत्मानंद कोचिंग योजना की शुरुआत भी की है। इस योजना में विद्यार्थियों को नीट और जेईई प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है। पिछले पांच वर्षों के दौरान राज्य में 83 नये कॉलेज खोले गए हैं। पहले से संचालित कॉलेजों में 23 हजार 500 सीटों की वृद्धि की गई है। जिला मुख्यालयों में 10 नये कन्या महाविद्यालय खोले गए हैं। राज्य में अंग्रेजी माध्यम के 10 कॉलेजों की भी शुरूआत की गई है। प्रदेश में वर्ष 2018-19 में 2 लाख 26 हजार 373 विद्यार्थी कॉलेजों में प्रवेशित थे, इसकी तुलना में वर्ष 2022-23 में 03 लाख 35 हजार 139 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। राज्य सरकार ने विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के उत्कृष्ट वातावरण के निर्माण के साथ-साथ उनके लिए अच्छा भविष्य भी सुनिश्चित किया है।

कार्यक्रम में मंत्री अनिला भेंड़िया, विधायक लखेश्वर बघेल, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, उच्च शिक्षा आयुक्त शारदा वर्मा, कॉलेज के प्रधानाचार्य व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

विद्यार्थी ऐसे उठा सकते हैं योजना का लाभ

छत्तीसगढ़ युवा मितान परिवहन योजना का लाभ उठाने के लिए छात्र वेबसाइट पर कॉलेज और रूट के साथ बस पास के लिए आवेदन कर सकते हैं। कॉलेज लॉग इन कर सभी विवरणों की जांच के बाद आवेदन को स्वीकृत या अस्वीकार करेगा। स्वीकृत छात्र लॉग इन कर क्यूआर कोड युक्त अपना बस पास डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट अपने पास सुरक्षित रख सकते हैं। बस कंडेक्टर द्वारा पास की जांच की जाएगी और इसके बाद घर से महाविद्यालय, महाविद्यालय से घर ले जाने की निशुल्क व्यवस्था होगी।

Check Also

मुहर्रम पर्व पर रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर और दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन

अंजुमन हुसैनिया कमेटी के मानव सेवा के प्रयास निरंतर आगे बढ़ते रहे: इंद्रजीत द सीजी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!