- शिवनाथ में हजारों लोगों ने लगाई आस्था की डुबकी, देवों के नाम किया दीपदान
द सीजी न्यूज
विधायक अरुण वोरा ने कार्तिक पूर्णिमा और गुरुनानक जयंती के अवसर पर शहरवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। वोरा ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुगण सुबह सूरज निकलने से पहले नदी में स्नान करते हैं और पूजा अर्चना कर परिवारजनों की सुख समृद्धि की कामना करते हैं। वोरा ने शहर के सभी नागरिकों को इस अवसर पर बधाई देते हुए शहरवासियों के सुख समृद्धि की कामना की है। एल्डरमेन राजेश शर्मा ने भी शहरवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और गुरुनानक जयंती की बधाई दी है।
शिवनाथ नदी पर रहा उत्सव का माहौल
कार्तिक पूर्णिंमा के मौके पर दुर्ग में उत्सव का माहौल रहा। सुबह 3 बजे से लोग शिवनाथ नदी पहुंचने लगे और सूरज निकलने से पहले स्नान व दीपदान करने लगे। यहां श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। सुबह सूरज निकलने से पहले हजारों लोगों ने शिवनाथ नदी में स्नान कर दीपदान किया। नदी तट पर मेला भी लगा है। शहर के मंदिरों में भी कार्तिक पूर्णिमा पर विशेष आयोजन किया गया है। सुबह से देवालय और शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ गई है। देव दीपावली पर लोग घरों में दीपमाला जलाकर भगवान विष्णु का आह्वान करते हैं।
इसलिए करते हैं दीपदान
देवउठनी एकादशी के बाद से लेकर कार्तिक पूर्णिमा तक देवताओं ने पांच दिन का उत्सव मनाया था। देव उठनी एकादशी के दिन क्षीरसागर में भगवान विष्णु लंबी निद्रा के बाद जागे थे और पूर्णिमा के दिन वे देवलोक पहुंचे थे। जहां उनके आगमन पर सभी देवी-देवताओं ने दीपमाला जलाकर उनका स्वागत किया था। इसीलिए कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली भी कहा जाता है। पवित्र नदियों में आज के दिन स्नान करने से उत्तम फल की प्राप्ति होती है।
सिख समाज मना रहा आज प्रकाश उत्सव
सिख समाज के पहले गुरु गुरुनानक देव जी का प्रकाश उत्सव आज मनाया जा रहा है। रंग बिरंगी रोशनी से गुरुद्वारों की विशेष सजावट की गई है। सुबह से गुरुद्वारों में कीर्तन हो रहा है। सिख समाज के लोग काफी तादाद में गुरुद्वारे में आकर मत्था टेक रहे हैं। गुरुद्वारों में विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


