द सीजी न्यूज
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महादेव सट्टा एप पर बैन लगाने की मांग करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। सीएम ने पत्र में लिखा है कि बीते कई सालों से ऑनलाइन बेटिंग, गेमिंग के माध्यम से जुआ और सट्टा के कारोबार का देशव्यापी विस्तार हुआ है। इसके संचालक विदेश में अवैध कारोबार का संचालन कर रहे हैं। इस पर केंद्र स्तर कार्रवाई ही संभव है।
सीएम ने पत्र में आगे लिखा है कि छत्तीसगढ़ सरकार और राज्य की पुलिस ने शुरू से ही इस अवैध कारोबार पर कठोर कार्रवाई की है। इस संबंध में कई अपराध भी दर्ज किए गए हैं और संलिप्त आरोपियों को पकड़कर उनकी संपत्तियों को जब्त करने में भी सफलता मिली है। इस संबंध में मार्च 2022 से अब तक 90 से अधिक आपराधिक प्रकरण छत्तीसगढ़ पुलिस ने दर्ज किए हैं, जिनमें 450 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बैंक खातों में 16 करोड़ रुपए फ्रीज करवाए जा चुके हैं। कई सामग्री भी जब्त की गई है। राज्य की पुलिस ने अन्य प्रदेश में जाकर भी कार्रवाई की है।
सीएम भूपेश बघेल ने अपने पत्र में लिखा कि कारोबार में उपयोग किए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, टेलीग्राम, व्हाट्सएप, यूआरएल लिंक, इंस्टाग्राम और एपीके फाइल की पहचान कर इन्हें प्रतिबंधित कराया जाए। ऑनलाइन बेटिंग, जुआ और सट्टा कारोबार संचालित करने वाले लोगों की आपराधिक कार्य प्रणाली का विस्तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो गया है। इस कारोबार को रोकने के लिए निवारण उपाय करने की सख्त आवश्यकता है। आरोपियों के बैंक खातों में अवैध परिचालन पर तत्काल रोक लगाना चाहिए, जो केंद्र स्तर पर ही संभव है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


