- पी.दयानंद सीएम सचिव, डा. सुभाष राज बने ओएसडी
द सीजी न्यूज

छत्तीसगढ़ में नई सरकार बनने के बाद अब प्रशासनिक अफसरों को बदलने का सिलसिला शुरू हो चुका है। सरकार ने कल रात एक साथ कई अफसरों का तबादला किया है। कांग्रेस की भूपेश सरकार में करीबी रहे अफसरों को मुख्यमंत्री सचिवालय से हटा दिया है। आईएएस दयानंद के मुख्यमंत्री के सचिव का पद ग्रहण करते ही आईएएस सुब्रत साहू अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री के पद से मुक्त होंगे। इसी तरह मुख्यमंत्री के अन्य सचिवों में आईएएस परदेशी सिद्धार्थ कोमल, आईएएस अंकित आनंद, आईएएस डा. एस. भारतीदासन और आईएएस डीडी सिंह को मुख्यमंत्री सचिवालय से हटा दिया गया है।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2006 बैच के अफसर पी. दयानंद को मुख्यमंत्री का सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें चिकित्सा शिक्षा सेवा विभाग के अतिरिक्त सचिव की भी जिम्मेदारी दी गई है।
राज्य प्रशासनिक सेवा के डा. सुभाष सिंह राज सहित तीन को विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) के रूप में पदस्थ किया गया है। मुख्यमंत्री की निजी स्थापना में अब ओएसडी के रूप में उमेश अग्रवाल और रविकांत मिश्रा और निज सचिव के रूप में दीपक अंधारे अपनी सेवाएं देंगे।
मुख्यमंत्री के सचिवालय से हटाए गए भूपेश के करीबी अधिकारियों के अन्य विभागों की जिम्मेदारी से अभी कार्यमुक्त नहीं किया गया है। इन अधिकारियों के पास सरकार के ज्यादातर विभाग हैं। सूत्रों का कहना है कि आगे इनके विभाग भी कम किए जा सकते हैं। इनके विभागों में भी बड़ा बदलाव करने की तैयारी चल रही है। भूपेश सरकार के समय लूप लाइन में रहे अफसरों का कद बढ़ सकता है।
पिछली सरकार से दूर रहे अफसरों में आइएएस पी.दयानंद के अलावा आईएएस भुवनेश यादव, मोहम्मद अब्दुल केसर हक, पोषण लाल चंद्राकर, शिखा राजपूत तिवारी, डा. सीआर प्रसन्ना, रीता शांडिल्य, राजेश सिंह राणा, राजेश सुकुमार टोप्पो, एस. प्रकाश, आर.संगीता, राहुल वेंकट, अवनीश शरण, आर वेंकट, अभिजीत सिंह, बसवराजू एस. और इंद्रजीत चंद्रवाल समेत अन्य अधिकारी रहे हैं। अब मंत्रालय से लेकर प्रदेश के बड़े तमाम विभागीय अमला में अधिकारियों की नियुक्ति जल्द की जाएगी और ट्रांसफर-पोस्टिंग का दौर शुरू होगा। कलेक्टर-एसपी भी हटाए जा सकते हैं।
सीएम के ओएसडी भी हटाए गए
भूपेश सरकार में काम कर रहे राज्य प्रशासनिक सेवा के पांच ओएसडी को भी हटा दिया गया है। इनमें अरुण कुमार मरकाम, डा. सूरज कुमार कश्यप, देवेंद्र प्रधान, उमेश पटेल और विशाल कुमार महाराणा शामिल हैं। डा. सुभाष राज के पदभार ग्रहण करते ही ये पांचों अधिकारी कार्यमुक्त होंगे।