- भाजपा प्रदेश पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा
द सीजी न्यूज
दुर्ग। नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव की अध्यक्षता में भाजपा मुख्यालय रायपुर में प्रदेश के नेताओं की बैठक हुई। बैठक में शामिल रहे जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने जोरशोर से तैयारियां शुरू कर दी है। आगामी 5 जनवरी तक निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने और संशोधन कराए जाने संबंधी कार्यों को पूरा करने के लिए मंडल स्तर पर बैठकों का दौर हो चुका है।
वर्मा ने बताया कि प्रत्येक जिम्मेदार पदाधिकारी द्वारा नमो ऐप पर 10 प्रतिष्ठित लोगों को विकसित भारत एम्बेसडर बनाने का काम किया जा रहा है। आगामी 31 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मन की बात की जाएगी। इसके लिए जिला भाजपा प्रभारी राजीव अग्रवाल द्वारा मंडल भाजपा प्रभारी और मन की बात के जिला प्रभारी संतोष सोनी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं।
पीएम विश्वकर्मा योजना के लिए जिला स्तर पर समन्वयक और सह-समन्वयक की नियुक्ति शीघ्र की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्कूली छात्रों को मार्गदर्शन देने का प्रमुख कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष परीक्षा पे चर्चा के नाम से किया जाता है, इस कार्यक्रम के लिए जल्द ही जिला कार्यक्रम प्रभारी की नियुक्ति की जाएगी। लोकसभा चुनाव में सोशल मीडिया की भूमिका को और भी अधिक सशक्त बनाने हेतु पार्टी के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पार्टी हैंडल को मजबूत करने और यूटयुबर्स- इंस्टाग्राम यूजर्स को पार्टी के पक्ष में पोस्ट करने हेतु अभियान चलाया जाएगा। व्हाट्सएप को संगठनात्मक तंत्र और आमजनों के बीच में और अधिक प्रभावशाली बनाने का टास्क विशेषज्ञ कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख मोर्चों को उनके कार्यक्षेत्र के अनुरूप टास्क दिया जाएगा।
जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि दुर्ग जिला संगठन के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने जिस प्रकार विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुर्ग जिले की सीटों पर भाजपा को एकतरफा जीत दिलाई है, उसी प्रकार आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सभी 9 विधानसभा सीटों पर बढ़त लेकर एकतरफा जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर देश के शीर्षस्थ पद पर स्थापित करने के लिए भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता ने कमर कस ली है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
