द सीजी न्यूज
दुर्ग। इंदिरा मार्केट में इंदिरा प्रतिमा के पास बने पुलिस यातायात कक्ष में अवैध रूप से चल रहे ताला-चाबी की दुकान को नगर निगम की टीम ने खाली कराने की कार्रवाई की है। इसके आसपास किये गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाही भी की गई। अग्रवाल मिष्ठान दुकान के सामने बर्तन दुकानदारों को सामान बाहर निकालकर न रखने की सख्त हिदायत भी दी गई। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने दुकानों के बाहर रखे सामानों को उठवाया।
भवन अधिकारी व सहायक अभियन्ता गिरीश दीवान, नायब तहसीलदार ढाल सिंह बिसेन, अतिक्रमण अधिकारी दुर्गेश गुप्ता व बाजार अधिकारी चंदन मनहरे द्वारा दुकानदारों को सख्त निर्देश और चेतावनी देते हुए कहा गया है कि दोबारा सामान बाहर रखने पर जब्त कर लिया जाएगा। नगर निगम की टीम ने चेतावनी देते हुए कहा कि दुकानदारों के साथ अब कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
अधिकारियोंं ने कहा कि इंदिरा मार्केट में अतिक्रमण के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर निगम के आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने कहा है कि नगर निगम की टीम को इंदिरा मार्केट में दुकानदारों द्वारा बाहर रखे सामान को जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं। आज गुरुवार को उन्हें चेतावनी देकर सामान न रखने समझाया गया है। दोबारा ऐसा करने पर सामान जब्त कर लिया जाएगा। इस दौरान सहायक बाजार अधिकारी थानसिंह यादव, शशिकांत यादव, राजू सूर्या के अलावा दुर्ग थाना से पुलिस बल सहित अतिक्रमण अमला मौजूद रहा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

