द सीजी न्यूज
भिलाई। रांची झारखंड में 8 फरवरी से 12 फरवरी तक स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित होने वाली शालेय राष्ट्रीय रोड एवं ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप 2023-24 में बीएसपी साइकलिंग क्लब के कुल 27 साइकिलिस्ट अपना जौहर दिखाएंगे। इन खिलाड़ियों का दल सोमवार को रांची के लिए रवाना हो गया। छत्तीसगढ़ साइकिलिंग संघ के सभी पदाधिकारियों व खेल प्रेमियों ने इन खिलाड़ियों की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
बता दें राष्ट्रीय चैंपियनशिप में चयन से पहले रायपुर में 21 से 22 अक्टूबर तक आयोजित शालेय राज्य स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता में रायपुर संभाग, दुर्ग संभाग, बिलासपुर संभाग, बस्तर संभाग और सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। 14 वर्ष से कम 17 वर्ष से कम और 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालक, बालिकाओं की रोड साइकिलिंग और ट्रैक साइकिलिंग की चौंपियनशिप संपन्न हुई। रोड साइकिलिंग में टाइम ट्रायल और मास स्टार्ट की क्रमशः 5, 10, 15 और 40 किलोमीटर की प्रतियोगिताएं व ट्रैक साइकिलिंग में 500 मीटर, 1 किलोमीटर, 2 किलोमीटर और 4 किलोमीटर की इंडिविजुअल टाइम ट्रायल व इंडिविजुअल परसूट की प्रतियोगिताएं संपन्न हुई।
चैंपियनशिप में दुर्ग संभाग की ओर से प्रतिनिधित्व करने वाले सभी 27 खिलाड़ी बीएसपी साइकिलिंग क्लब के खिलाड़ी हैं। उन्होंने एकतरफा चैंपियनशिप पर कब्जा किया। इन 27 खिलाड़ियों ने रोड व ट्रैक साइकिलिंग के 24 इवेंट में भागीदारी की और एक के बाद एक 20 स्वर्ण पदक, 18 रजत पदक और 4 कांस्य पदक जीते। इस प्रकार कुल 42 पदक बटोर कर चैंपियनशिप पर कब्जा किया। स्वर्ण व रजत पदक प्राप्त करने वाले बीएसपी साइकिलिंग क्लब के कुल 27 साइकिलिस्ट अब रांची (झारखंड) में 8 फरवरी से 12 फरवरी तक स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित होने वाली शालेय राष्ट्रीय रोड एवं ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप के लिए चुने गए हैं।
पदक विजेता खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
रांची रवाना होने से पहले बीएसपी साइकिलिंग क्लब के पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया। भिलाई इस्पात संयंत्र साइकिलिंग क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार बंछोर व छत्तीसगढ साइकिलिंग संघ के महासचिव विनायक चन्नावार ने बताया कि साइकिल पोलो खेल परिसर इंदिरा प्लेस में बीएसपी साइकिलिंग के 27 राज्य पदक विजेता साइकिलिस्ट खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। इस मौके पर परविंदर सिंह, रमेश कुमार श्रीवास्तव, ईवी सुनील, प्रदीप कान्हे, प्रमोद सिंह, संदीप नंदनवार, देवप्रकाश वर्मा आदि उपस्थित रहे। पदक विजेता खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष हिमांशु द्विवेदी, राकेश शर्मा, तोशेंद वर्मा, संजीव सारस्वत, सुभाष टिंगुरिया, अरुण कुमार पंडा, डॉ अरविंद तिवारी, वंदना पांडे, एलएल वर्मा, टेकराम साहू, देवेंद्र तिवारी आदि ने बधाई दी हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
