Breaking News

किसानों को दिल्ली पहुंचने से रोकने के कड़े इंतजाम : सड़क पर जेसीबी, कंटेनर, बड़े पत्थर और कीलें …: प्रियंका गांधी ने X पर वीडियो किया शेयर : कहा – ये अमृतकाल है या अन्याय काल

द सीजी न्यूज

नई दिल्ली। एक बार फिर से किसान आंदोलन शुरू होने की घोषणा ने केंद्र सरकार को सक्रिय कर दिया है। दरअसल किसान संगठनों के 13 फरवरी को दिल्ली कूच की अपील के कारण पंजाब से लेकर दिल्ली तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने लोगों के लिए एडवायजरी जारी की है। पूरे शहर में धारा 144 भी लगाई गई है। करनाल नेशनल हाईवे पर अर्ध सैनिक बल तैनात किए गए हैं। किसानों का रास्ता रोकने के लिए जेसीबी मशीनें बुलाई गई हैं। रास्ते पर बड़े-बड़े पत्थर रखवाने का इंतजाम किया गया है। किसानों से बात करने के लिए केंद्रीय मंत्रियों की टीम पंजाब पहुंची है। गांव गांव में किसानों को दिल्ली न जाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा मुनादी कराई जा रही है।

प्रियंका गांधी ने एक्स पर शेयर किया वीडियो

कांग्रस नेत्री प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार के रवैये को लेकर मोदी सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। प्रियंका ने कहा कि किसानों के रास्ते में कील कांटे बिछाना अमृत काल है या अन्याय काल ? किसानों के साथ किया वादा पूरा क्यों नहीं किया जा रहा है ? इसी असंवेदनशील और किसान विरोधी रवैये ने 750 किसानो की जान ली थी। किसानों से किया वादा पूरा नहीं किया गया। न एमएसपी का कानून आया न किसानों की आय दोगुनी हुई। फिर किसान देश की सरकार के पास नहीं आएंगे तो कहां जाएंगे? प्रियंका गांधी ने सवाल किया – प्रधानमंत्री जी देश के किसानों से ऐसा व्यवहार क्यों?

किसानों को मनाने की कोशिशें भी कर रही केंद्र सरकार

सरकार किसानों के साथ बैठक करके उनको मनाने की कोशिशें भी कर रही है। साथ ही उन्हें दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए प्रशासन ने पूरी  तैयारी कर ली है। पहले किसानों को पंजाब और हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर रोकने का प्रयास किया जाएगा और उसके लिए वहां पूरे बंदोबस्त भी कर लिए गए हैं। उसके बाद करनाल में नेशनल हाईवे पर कर्ण लेक के नजदीक किसानों को रोकने के लिए बेरिकेट्स लगाए जा रहे हैं। यहां पर कंटेनर रख दिए गए हैं। इस जगह पर अर्ध सैनिक बल तैनात हो गए हैं। जेसीबी की मशीनों और हाइड्रा को बुला लिया गया है। बड़े-बड़े पत्थर भी साइड में रख दिए गए हैं, ताकि किसान अगर यहां तक पहुंचते हैं तो उन्हें यहां से हर हाल में आगे न बढ़ने दिया जाए।

सरकार के इंतजामों सेआम यात्री परेशान

इस बंदोबस्त से दूसरे काफी यात्री परेशान हों रहे हैं। नेशनल हाईवे से एक स्थान से दूसरे स्थान जाने वाले नागरिकों से प्रशासन भी अपील कर रहा है कि जब तक कोई जरूरी काम नहीं हो, घर से बाहर न निकलें। अब देखना यह होगा कि करनाल में किसानों को रोकने के लिए किये गए बंदोबस्त के बाद किसान दिल्ली पहुंचने में कामयाब होते हैं या नहीं।

सिंघू बॉर्डर पर किसानों को रोकने की तैयारी

दिल्ली और हरियाणा की सीमा पर सिंघू बॉर्डर पर किसानों को रोकने की तैयारी कर ली गई है। दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने सिंघू बॉर्डर का दौरा किया और किसानों के दिल्ली तक विरोध मार्च से पहले सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। हरियाणा और पंजाब को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 148 बी पर टोहाना में 5 लेयर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जिसके तहत नेशनल हाईवे 148 बी पर बीचों बीच कीलें गाड़ दी गईं हैं। रास्ते में बड़े-बड़े कंटेनर रखकर उनको मिट्टी को भर दिया गया है, जिससे किसान वहां से आगे न जा सकें।

Check Also

भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में टाइल्स, मार्बल, ग्रेनाइट लगाने भूमिपूजन संपन्न

THE CG NEWS भिलाई। सेक्टर-5 स्थित भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर में 3 लाख की लागत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!