द सीजी न्यूज
भिलाई नगर/ राजस्व वसूली तेज करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। राजस्व वसूली के लिए जोन एक और जोन दो के राजस्व अमले ने आयुक्त के निर्देश पर जोन आयुक्त की उपस्थिति में 14 दुकानों को सील किया।
भवन स्वामी द्वारा संपत्ति कर न पटाए जाने के कारण दुकान में वसूली के लिए निगम की टीम पहुंची। कई दुकानदारों ने तत्काल राशि जमा कर दी तो कुछ लोगों ने राहत की मांग की। निगम आयुक्त देवेश कुमार ध्रुव ने मार्च माह में राशि पटाने का वचन पत्र लेकर राशि जमा करने के निर्देश दिए।
जोन 1 स्मृति नगर के श्यामाचरण पांडे की बकाया राशि सम्पत्ति कर 3 लाख 75 हजार रुपये जमा न करने पर 8 दुकानें और जोन 2 के भवन स्वामी उत्तम कुमार लोधी की 5 दुकान व भगवंतिन बाई की दुकान को सील बंद किया गया। राजस्व अमले ने कार्रवाई के दौरान 8 लाख से अधिक राशि वसूल की।
पिछले दिनों सुपेला के आकाशदीप कॉम्प्लेक्स में सील किए गए 17 दुकानों में से पांच दुकानदारों ने संपत्ति कर की राशि 3 लाख 64 हजार रुपए निगम कोष में जमा कर दिया है। इसके बाद उनकी दुकानों का ताला खोला गया। निगम प्रशासन ने भिलाई निगम क्षेत्र के भवन मालिकों से अपील करते हुए कहा है कि अपने सम्पत्तिकर, जल कर, भूभाटक, दुकान किराया आदि का भुगतान कर विधिसम्मत कार्रवाई से बचें।
आज हुई कार्रवाई मे जोन आयुक्त खिरोद्र, यशा लहरे, सहायक राजस्व अधिकारी जे. पी. तिवारी, धीरज साहू व राजस्व विभाग के कर्मचारी, पुलिस प्रशासन और तोड़ फोड़ दस्ता के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
