Breaking News

वोरा ने निगम बजट के लिए आयुक्त को दिए कई विकास कार्यों के सुझाव : जनहित में महत्वपूर्ण योजनाओं को बजट में शामिल करने कहा : कई महीने से स्वीकृत कार्यों को तत्काल पूर्ण कराए नगर निगम

द सीजी न्यूज

दुर्ग। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने कहा है कि नगर निगम के आगामी वित्तीय वर्ष 2024-25 का प्रस्तावित बजट डबल इंजन की राज्य सरकार के भरोसे है। इस परिषद के कार्यकाल का यह अंतिम बजट है। वोरा ने नगर निगम आयुक्त को जनहित में सुझाव देते हुए कहा है कि पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा शहर विकास के लिए अंधोसरंचना मद व अन्य मदों से करोड़ों रुपए की लागत से कई महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत किए गए थे। इन कार्यों में से अधिकांश का टेण्डर व वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है। लेकिन, कार्य को अप्रारंभ मानते हुए रोक लगा दिया गया है। इन कार्यो को जनहित में जल्द प्रारंभ किया जाना चाहिए।

वोरा ने निगम बजट में कई विकास कार्यों को शामिल करने का सुझाव दिया है। वोरा ने कहा कि शिवनाथ नदी तट पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना, लालबहादुर शास्त्री स्कूल मिलपारा की बिल्डिंग का निर्माण, ठगड़ाबांध में पूरे साल भर जलभराव के लिए साइंस कॉलेज के फिल्टर प्लांट से जोड़ने और बांध के लीकेज का कार्य कराने के कार्य होने चाहिए ताकि आसपास के 12 वार्डों में जलस्तर की कमी न हो। ठगड़ा बांध का सौदर्यीकरण कराना भी आवश्यक है।

वोरा ने कहा कि पटरीपार व बोरसी में सर्वसुविधायुक्त स्टेडियम और शहर में इण्डोर स्टेडियम का निर्माण खेलों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक है। निगम क्षेत्र के अंतर्गत 25 तालाबों का सरंक्षण व सौंदर्यीकरण कार्य भी जरूरी है। इसी तरह आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए अमृत मिशन से संबंधित नई पानी टंकी व पाइपलाइन व घरों में नल कनेक्शन के अधूरे कार्यों को जलसंकट निवारण के लिए पूर्ण करना चाहिए।

वोरा ने कहा कि शिवनाथ नदी स्थित रिवर फ्रंट का कार्य प्रारंभ किया जाए। एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान का कार्य भी तत्काल प्रारंभ किया जाए। रीपा के अंतर्गत पोटिया में निर्माण कार्य भी शुरू किया जाना चाहिए। शिवनाथ नदी स्थित अपूर्ण नाला डायवर्सन कार्य को भी तत्काल पूर्ण किया जाए।

वोरा ने कहा कि इंदिरा मार्केट व समृद्धि बाजार में सब्जी विक्रेताओं की शिकायत के आधार पर जल भराव की समस्या दूर होनी चाहिए। यहां डोम शेड व प्रकाश व्यवस्था भी बेहतर करना जरूरी है। शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या के चलते इंदिरा मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण जरूरी है। शहर मेंं बंद पड़े व रिक्त पोलों में स्ट्रीट लाइट लगाने की आवश्यकता है।

वोरा ने कहा कि महाराजा चौक, मिनी स्टेडियम, शहीद चौक व अमृत मिशन योजनांतर्गत अन्य उद्यानों का संधारण व सौंदर्यीकरण कार्य भी शहरहित में जरूरी है। सिकोला नाला, शंकरनगर नाला, गिरधारी नाला व कसारीडीह नाला का सुदृढ़ीकरण कार्य किया जाना चाहिए। वार्डों की प्रमुख सड़कों को धूलमुक्त बनाने हेतु पेवर ब्लाक के कार्य को भी प्राथमिकता से शामिल किया जाए। वोरा ने कहा कि नगर निगम के प्रस्तावित बजट में शहरवासियों की भावनाओं के अनुरूप सभी जनहितैषी कार्य शामिल किये जाएं और इन सभी कार्यों को तत्काल पूरा किया जाए।

Check Also

शिक्षा मंत्री से मिले रिकेश : तूफान और खराब मौसम के कारण स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित करने की मांग की

THE CG NEWS भिलाई नगर। जिले में तूफान और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!