द सीजी न्यूज
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के विधायक ललित चंद्राकर ने आज सैकड़ों लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कतरो मतरो के बूथ क्रमांक 223 में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस मौके पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात में भारत की विविधता का भी उल्लेख किया और मातृभाषा के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने जम्मू कश्मीर के गांदरबल के मोहम्मद मानशाह का उदाहरण दिया, जो पिछले तीन दशक से गोजरी भाषा को संरक्षित करने के प्रयासों में लगे हैं। प्रधानमंत्री ने अरूणाचल प्रदेश के तिरप के बनवंग लोसू के बारे में भी बताया, जिनका अहम योगदान वांचो भाषा के प्रसार में रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे अनेक लोग हैं, जो अपनी संस्कृति और भाषा को गीतों और नृत्यों के माध्यम से संरक्षित करने में लगे हैं। उन्होंने कर्नाटक के वेंकप्पा अम्बाजी सुगेतकर के जीवन को प्रेरणादायी बताया। बागलकोठ के सुगेतकर एक लोकगायक हैं, जिन्होंने एक हजार से अधिक गोंधली गीत गाए हैं और इस भाषा की कहानियों का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया है।
विधायक ललित चंद्राकर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मन की बात में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य को लेकर घोषणा की कि कंटेंट क्रिएटर की प्रतिभा को सम्मान देने के लिए देश में नेशनल क्रिएटर अवॉर्ड शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बनने में प्रौद्योगिकी का उपयोग करने वालों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित करने का प्रयास किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता माईजीओवी पर चल रही है।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मन की बात में कंटेंट क्रिएटरों से इस प्रतियोगिता में शामिल होने कहा। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया कि वे नेशनल क्रिएटर अवॉर्ड के लिए अपने पसंदीदा कंटेंट क्रिएटर को नामांकित करें। मन की बात श्रवण करने वालों में मंडल अध्यक्ष फते लाल वर्मा, जितेंद्र सोनी, बसंत देवांगन, भुनेश्वरी साहू, कन्हैया साहू, दुर्गा प्रसाद साहू, राजू साहू, बलदाऊ साहू, रमेश सोनी, रमेश साहू, परमानंद साहू, रमेश गजपाल, पुनीत निषाद, मुन्ना साहू, गंगदेव साहू, द्वारका गजपाल आदि कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
