द सीजी न्यूज
दुर्ग/ संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर और कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज जिला प्रशासन, निगम प्रशासन और यातायात अधिकारी व व्यापारियों के साथ इंदिरा मार्केट क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से इंदिरा मार्केट क्षेत्र की पार्किंग व्यवस्था का अवलोकन किया। कलेक्टर ने इंदिरा मार्केट, पुराना बस स्टैण्ड से होते हुए मोती कॉम्पलेक्स होकर गांधी चौक से लेकर इंदिरा मार्केट पार्किंग क्षेत्र सहित स्टेशन रोड मार्केट क्षेत्र का अवलोकन किया। क्षेत्र के व्यापारियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनी।
चर्चा के दौरान व्यापारियों ने बताया कि मार्केट क्षेत्र में पार्किंग समस्या सबसे ज्यादा है। उन्होंने पानी निकासी की समस्या से भी अवगत कराया। कलेक्टर ने उन्हें जल्द ही उनकी समस्याओं से निजात दिलाने की बात कही। कलेक्टर ने पार्किंग व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को व्यस्तम क्षेत्रों का चिन्हांकन कर कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
पुराना बस स्टैंड स्थित पशुपालन कार्यालय के पास और सीएसपी कार्यालय क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था के लिए निर्देशित किया। सड़क किनारे अवैध ठेला लगाने वालों पर जुर्माना लगाने की बात कही। पीडब्ल्यूडी के जितने भी कार्य बचे हुए है, उन्हें जल्द पूरा कराने के लिए संबधित अधिकारियों को निर्देश भी दिये। सड़क घेरने वालों पर कार्यवाही करने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिये। इस दौरान दुर्ग नगर निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर, एएसपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर, राजस्व विभाग के अधिकारीगण व व्यापारीगण मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

