द सीजी न्यूज
दुर्ग/ राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजना महतारी वंदन योजना के तहत दुर्ग जिले में अब तक ग्रामीण लाभार्थी एक लाख 87 हजार 554 और शहरी लाभार्थी 2 लाख 17 हजार 765 कुल 4 लाख 5 हजार 319 महिलाओं ने आवेदन किया है, जिसे ऑनलाईन सत्यापन भी किया जा चुका है। जिला प्रशासन द्वारा इस संबंध में आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कराते हुए इन आवेदन पत्रों की ऑनलाईन एण्ट्री और सत्यापन कार्य पूर्ण कर लिया गया है। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशन में दुर्ग जिले की समस्त ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में आवेदन पत्रों को प्राप्त करने से लेकर उनकी डाटा एण्ट्री एवं सत्यापन का कार्य व्यवस्थित रूप से सम्पादित किया गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी से मिली जानकारी अनुसार योजना के तहत 21 वर्ष से अधिक उम्र वाली सभी विवाहित, तलाकशुदा, परित्यक्ता और विधवा महिलाओं को निर्धारित शर्तों के अधीन एक हजार रुपए प्रतिमाह की आर्थिक सहायता उनके बैंक खातों के माध्यम से प्रदान की जाएगी। महतारी वंदन योजना अंतर्गत डाटा एण्ट्री और ऑनलाईन सत्यापन का कार्य संपन्न होने के साथ-साथ महिलाओं द्वारा अपने आवेदन पत्र में बैंक खाते के संबंध में दी गई जानकारियों का मिलान भी नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) से राज्य स्तर द्वारा परीक्षण कराकर महिलाओं द्वारा दिये गये बैंक खाते की जानकारी में आधार सीडिंग का मिलान कराया गया है।
सभी संबंधित हितग्राहियों से त्वरित रूप से बैंको के माध्यम से आधार सीडिंग अपडेट करने की अपील भी की गई थी ताकि निर्धारित तिथि को उनके आधार सीडिंग बैंक खातों में राशि का निर्बाध भुगतान हो सके। राज्य शासन द्वारा महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु अनन्तिम सूची पर प्राप्त होने वाले दावा आपत्ति का निराकरण कर, 26 से 29 फरवरी तक करते हुए 1 मार्च 2024 को अंतिम सूची का प्रकाशन और 2 मार्च 2024 को स्वीकृति जारी की गई। सभी पात्र महिलाओं को उनके बैंक खातों के माध्यम से 7 मार्च 2024 को राशि का हस्तांतरण किया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
