Breaking News

महापौर धीरज बाकलीवाल ने पेश किया 482 करोड़ 50 लाख का बजट : 10 लाख फायदे का बजट बहुमत से पारित

  • गोबर से बने ब्रीफकेस में बजट पेश करने पहुंचे महापौर धीरज बाकलीवाल

द सीजी न्यूज

दुर्ग/ नगर निगम दुर्ग परिसर में नवनिर्मित मोतीलाल वोरा सभागृह में आज महापौर धीरज बाकलीवाल ने अपने कार्यकाल का अंतिम बजट पेश किया। पक्ष-विपक्ष के बीच कई बार हुई नोंकझोंक और हंसी मजाक के साथ एक दूसरे पर व्यंग्य बाण चलाते हुए सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षदों ने कई बार शहर के समग्र विकास और राजनीतिक सद्भावना की मिसाल भी पेश की।

बजट सभा के प्रारंभ में नवनिर्वाचित विधायक गजेंद्र यादव का सभापति राजेश यादव, महापौर धीरज बाकलीवाल समेत पक्ष विपक्ष के पार्षदों ने आत्मीय स्वागत किया। गजेंद्र यादव ने अपने उद्बोधन के दौरान कहा कि दुर्ग नगर निगम विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। विकास कार्यों के लिए शासन से राशि दिलाने के लिए वे दुर्ग नगर निगम को हरसंभव सहयोग करेंगे।

महापौर धीरज बाकलीवाल ने दुर्ग शहर में पिछले सवा चार साल के दौरान हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व विधायक अरुण वोरा के योगदान को याद करते हुए साधुवाद दिया। ठगड़ा बांध पिकनिक स्पाट, निगम सभागार, नए गौरवपथ निर्माण सहित कई योजनाओं का जिक्र करते हुए महापौर ने समग्र विकास के लिए पक्ष विपक्ष के पार्षदों, निगम अधिकारियों को भी धन्यवाद दिया। सत्तापक्ष के एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, भोला महोबिया, दीपक साहू, हमीद खोखर, संजय कोहले, प्रकाश जोशी सहित कई कांग्रेस पार्षद बजट पर बहस के दौरान विपक्ष पर हमला बोलने में आगे रहे।

सदन में विपक्षी पार्षदों ने पिछली सरकार के कार्यकाल के दौरान शुरू की गई छत्तीसगढ़ी खेलकूद को बढ़ावा देने, गोबर खरीदी सहित अन्य योजनाओं के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जिक्र करते हुए उन्हें याद किया और छत्तीसगढ़िया खेल परंपरा को बढ़ावा देने के लिए साधुवाद दिया। हालांकि भाजपा पार्षदों ने आगे कहा कि दुर्ग नगर निगम में इन योजनाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन नहीं किया गया। भाजपा के तेजतर्रार पार्षद शिवेंद्र परिहार ने सिलसिलेवार हमले करने के साथ ही महापौर धीरज बाकलीवाल की तारीफ करते हुए कहा कि महापौर पास जाने वाले हर शख्स की समस्या सुलझाने में महापौर ने पूरी शिद्दत के साथ हरसंभव सार्थक प्रयास किया।

दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा ने सभागार का नामकरण का प्रस्ताव दिग्गज कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा के नाम पर किये जाने का प्रस्ताव बजट सभा के एजेंडा में रखे जाने पर पूरे सम्मान भाव के साथ आपत्ति जताई। अजय ने स्व. मोतीलाल वोरा को महामानव बताते हुए कहा कि उनके नाम पर सभागार का नामकरण करने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन नामकरण किये जाने से पहले इसका प्रस्ताव सामान्य सभा में पारित किया जाना चाहिए। नामकरण पहले कर दिया गया और अब प्रस्ताव लाया जा रहा है। यह सदन की परंपराओं के विरुद्ध है। विपक्ष की ओर से देवनारायण चंद्राकर, शिवेंद्र परिहार, नरेश तेजवानी, मीना सिंह, लीना दिनेश देवांगन, अजीत वैद्य  ओमप्रकाश, नरेंद्र बंजारे सत्तापक्ष पर प्रहार करते रहे।

शायराना अंदाज में पेश किया कुल 482 करोड़ का बजट  

महापौर धीरज बाकलीवाल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए सदन में नगर निगम का बजट पेश किया। कुल 482.50 करोड़ रुपये के बजट अनुमान में 10 लाख का लाभ दिखाया गया है। महापौर ने कहा हमारी शहर की सरकार ने हर दिशा और हर क्षेत्र में विकास का मूलमंत्र लेकर  अपने पथ पर अग्रसर हैं। शायराना अंदाज में धीरज बाकलीवाल ने कहा

” कांरवा गुजरे होंगे हजारो इस रास्ते से

“लेकिन अभी तो हमारा मुकाम बाकी है”

गर्दिशों में है सितारे बेशक, मगर मेरी फितरत है उभरना”

अभी तो ना जाने कितने ब्रम्हांड बाकी है”

“तूफानों से कह दो ले ले आजमाईश जितनी भी”

अभी तो ना जाने ऐसे कितने इम्तिहान बाकी है”

कई घंटे की चर्चा के बाद बजट व अन्य विषयों को बहुमत से पारित कर दिया गया। बजट में आगामी वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए समस्त स्त्रोतों और ऋण अनुदान से प्राप्ति के रूप में 4 अरब 82 करोड़ 50 लाख 34 हजार का प्रावधान किया गया है। प्रारंभिक शेष 1 अरब 31 करोड़ 94 लाख 97 हजार, इस प्रकार कुल आय 6 अरब 14 करोड़ 45 लाख 31 हजार रु दर्शाया गया है। व्यय शीर्ष में विभिन्न मदों में 4 अरब 82 करोड़ 39 लाख 89 हजार रु और अंतिम शेष 1 अरब 32 करोड़ 05 लाख 52 हजार का प्रावधान किया गया है।

इस प्रकार आगामी वर्ष 2024-25 के लिए कुल 482.39 करोड़ का बजट अनुमानित किया गया है। जिसके आय पक्ष में राजस्व आय 154.95 करोड़ एवं पूंजीगत आय 327.55 करोड़ तथा इसके विरूद्ध राजस्व व्यय 154.89 करोड़ एवं पूंजीगत व्यय 327.50 करोड़ रखा गया है। इस प्रकार 10 लाख 55 हजार का लाभ का बजट प्रस्तुत किया गया है।

Check Also

शिक्षा मंत्री से मिले रिकेश : तूफान और खराब मौसम के कारण स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित करने की मांग की

THE CG NEWS भिलाई नगर। जिले में तूफान और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!