Breaking News

पीएम नरेंद्र मोदी ने बटन दबाकर 70 लाख से ज्यादा महिलाओं के खाते में महतारी वंदन योजना की राशि ट्रांसफर की

द सीजी न्यूज

  • छत्तीसगढ़ की आधी आबादी के सपनों को पूरा करने की दिशा में बड़ी छलांग : साय

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बटन दबाकर महतारी वंदन योजना की राशि महिलाओं के खाते में ट्रांसफर की। इस मौके पर वर्चुअल माध्यम से रायपुर में उपस्थित महिलाओं की विशाल भीड़ को संंबोधित करते हुए पीएम मोदी ने जय जोहार के साथ अपने उद्बोधन की शुरूआत की। उन्होंने मां दंतेश्वरी, मां बम्लेश्वरी और मां महामाया को आदरपूर्वक प्रणाम करते हुए छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों को प्रणाम किया। मोदी ने कहा कि दो हफ्ते पहले मैंने आपके प्रदेश में 35 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। आज मुझे नारी शक्ति को सशक्त बनाने वाली महतारी वंदन योजना को समर्पित करने का सौभाग्य मिला है। महतारी वंदन योजना के तहत छत्तीसगढ़ की 70 लाख से अधिक माताओं बहनों को हर महीने एक हजार रुपए देने का वायदा किया गया। सरकार ने अपना वायदा पूरा किया। आज महतारी वंदन योजना के तहत छह सौ पचपन करोड़ रुपए की पहली किश्त जारी की गई।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बटन दबाकर महतारी वंदन योजना की राशि की अंतरित

मोदी ने कहा कि स्क्रीन पर लाखों-लाखों बहनों के दर्शन हो रहे हैं। अलग-अलग कार्यक्रमों की वजह से आज उत्तर प्रदेश में हूँ और काशी से बोल रहा हूँ। कल रात बाबा विश्वनाथ को प्रणाम करते हुए सभी देशवासियों की भलाई के लिए प्रार्थना की। बाबा विश्वनाथ की धरती से आपसे बात करने का अवसर मिला। बाबा विश्वनाथ भी आपको आशीर्वाद दे रहे हैं। आज बाबा भोले की नगरी से एक हजार रुपए पहुंच रहा है। भोले बाबा का आशीर्वाद भी पहुंच रहा है। आप सभी के खातों में हर महीने बिना किसी परेशानी के ये पैसा आता रहेगा।

मोदी ने कहा कि जब माताएं-बहनें सशक्त होती हैं तो पूरा परिवार सशक्त होता है। डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता हमारी माताओं बहनों का कल्याण है। आज परिवार को पक्का घर मिल रहा है वो भी महिलाओं के नाम पर, उज्ज्वला का सस्ता सिलेंडर मिल रहा है। 50 प्रतिशत से अधिक जनधन खाते महिलाओं के नाम पर हैं। 65 प्रतिशत से ज्यादा मुद्रा लोन भी महिलाओं ने लिया है। उन्होंने अपना काम शुरू किया। पिछले दस वर्षों में हमारी सरकार ने सेल्फहेल्प ग्रूप के माध्यम से 10 करोड़ से अधिक महिलाओं का जीवन बदला। हमारी सरकार के प्रयासों से अब तक एक करोड़ से ज्यादा लखपति दीदी बन गई हैं। गांव-गांव में इतनी बड़ी आर्थिक शक्ति बन गई है।

अब हमने संकल्प किया कि देश की तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य पूरा करेंगे। नमो ड्रोन दीदी योजना पर भी हम काम करेंगे। आप कल दस ग्यारह बजे जुड़ें आप देखेंगे कि नमो ड्रोन दीदी कैसा कमाल कर रही हैं। सरकार बहनों को ड्रोन भी देगी, ड्रोन पायलेट की ट्रेनिंग भी देगी। एक दीदी ने कहा कि मुझे तो साइकिल भी नहीं चलानी आती थी, अब मैं ड्रोन पायलेट हूं। इससे खेती विकसित होगी। परिवार समृद्ध तब होता है जब परिवार स्वस्थ होता है। परिवार स्वस्थ तभी होता है जब घर की महिलाएं स्वस्थ होती हैं। पहले गर्भ के दौरान माता शिशु की मृत्यु बड़ी चिंता होती थी। इस पर हमने काम किया। पहले शौचालय नहीं होने की वजह से माताओं को अपमान सहना पड़ता था। इससे महिलाओं को बीमारी से मुक्ति मिली है।
मोदी ने कहा कि सरकार बनने के इतने कम समय में महतारी वंदन योजना का वायदा पूरा हुआ। मोदी की गारंटी का मतलब होता है गारंटी पूरी होने की गारंटी। हमने छत्तीसगढ़ की खुशहाली की जो गारंटी दी थी उसे पूरा करने के लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही हैं। हमने गारंटी दी थी कि 18 लाख पक्के घर का निर्माण करेंगे। सरकार बनने के दूसरे ही दिन साय कैबिनेट ने इस पर काम शुरू कर दिया। छत्तीसगढ़ के धान किसानों को दो साल के बकाया बोनस की गारंटी दी थी। छत्तीसगढ़ सरकार ने अटल जी के जन्मदिवस के अवसर पर 3716 करोड़ रुपए किसानों के खाते में पहुंचा दिया। हमने गारंटी दी थी कि 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी करेगी। यह वायदा पूरा हुआ और 145 मीट्रिक टन धान खरीदकर रिकार्ड बना दिया। खरीदी गई अंतर की राशि का शीघ्र ही भुगतान किसान भाइयों को किया जाएगा। आने वाले पांच सालों में विकास कार्यों को बढ़ाया जाएगा। छत्तीसगढ़ की डबल इंजन सरकार इसी तरह से आपकी हर गारंटी पूरी करेगी। मैं काशी धाम से बोल रहा हूँ। बाबा का आशीर्वाद पहुंचा रहा हूँ।

आज 70 लाख 12 हजार 600 महिलाओं के बैंक खातों में पहली किश्त का अंतरण : साय  

इस मौके पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना बहुमूल्य समय छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों हेतु महतारी वंदन योजना का शुभारंभ करने दिया, इसके लिए हम उनके प्रति आभारी हैं। माताओं-बहनों को जिस दिन का बेसब्री से इंतजार था, वह दिन आज आ गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आप लोगों को गारंटी दी थी कि छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनने पर हम महतारी वंदन योजना शुरू करेंगे। आज 70 लाख 12 हजार 600 महिलाओं के बैंक खातों में पहली किश्त का अंतरण किया जा रहा है।

महतारी वंदन योजना के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का संबोधन

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सनातन परंपरा कहती है

सीएम ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाया गया यह मजबूत कदम छत्तीसगढ़ की आधी आबादी के सपनों को पूरा करने की दिशा में बड़ी छलांग है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप शक्ति-स्वरूपा हैं। आप राष्ट्र की निर्माता हैं। आपका योगदान अनमोल है, यह महतारी वंदन योजना आप लोगों को छोटा सा अर्पण है। मोदी जी ने विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य देश के सामने रखा है। इसके लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण बहुत जरूरी है। आप लोग जितनी सशक्त होंगी, हमारा देश और प्रदेश भी उतना ही सशक्त होगा। आज प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है, मोदी जी की ताकत से हमारी भी ताकत दोगुनी हो गई है। इस ताकत को बनाए रखना है। मोदी जी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं, उनको अपनी ताकत देकर आपको देश और प्रदेश की ताकत बढ़ाना है।

Check Also

शिक्षा मंत्री से मिले रिकेश : तूफान और खराब मौसम के कारण स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित करने की मांग की

THE CG NEWS भिलाई नगर। जिले में तूफान और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!