- जय श्री राम के जयकारों से गूंजा रेल्वे स्टेशन
द सीजी न्यूज
श्री रामलला दर्शन योजना के तहत दुर्ग संभाग और बस्तर संभाग के 850 श्रद्धालुओं का जत्था आज स्पेशल ट्रेन से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। दुर्ग रेल्वे स्टेशन से दोपहर 12 बजे स्पेशल ट्रेन से श्री रामलला दर्शन अयोध्या धाम की यात्रा करने वाले श्रद्धालु रामलला दर्शन के बाद 29 जून को मध्य रात्रि स्पेशल ट्रेन से दुर्ग वापस आएंगे। आज उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, केबिनेट मंत्री केदार कश्यप, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव, अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने स्पेशल ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, भिलाई जिला अध्यक्ष महेश वर्मा, ज़िला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष दिव्या कलिहारी सहित भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। अयोध्याधाम यात्रा के लिए रवाना होने वाले श्रद्धालुओं में 850 श्रद्धालु शामिल हैं जिसमें से दुर्ग जिले के 185 श्रद्धालु ( 139 ग्रामीण और 46 श्रद्धालु शहरी क्षेत्रों से ) शामिल हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा के घोषणा पत्र में वादा किया था कि हमारी सरकार बनते ही हम श्री रामलला का दर्शन कराएंगे। मोदी की गारंटी और विष्णुदेव साय के सुशासन से हम सभी वादों को पूरा कर रहे हैं। आज हमारी सरकार को सौभाग्य मिला है कि श्रवण कुमार बनकर पिता तुल्य बुजुर्गों व माताओं को अयोध्या धाम दर्शन कराया जा रहा है। सभी तीर्थयात्री प्रदेश के सुख शान्ति व समृद्धि का आशीर्वाद लेकर वापस आएंगे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भाजपा जो कहती है, वो करती है। 500 वर्ष लग गए भगवान श्रीराम को लाने में। आज अयोध्या में भगवान श्रीराम जन्मभूमि में भव्य मन्दिर बन गया है। लोगों को भगवान श्रीराम लला के भव्य स्वरूप का दर्शन कराने का सौभाग्य विष्णुदेव साय सरकार को मिला है। हर माताओं, बहनों, भाईयों व बुजुर्गो का सपना होता है कि अपने जीवन काल में तीर्थ यात्रा करें। आज श्रवण कुमार बनकर विष्णुदेव साय सरकार उनका सपना पूरा कर रही है।
इस अवसर पर वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़वासियों का सौभाग्य है कि भगवान श्रीराम का ननिहाल हमारे छत्तीसगढ़ में है। वनवास का अधिकांश समय हमारे प्रदेश के जंगल में ही बिताए हैं। इसलिए हमारे प्रदेश के जंगल में कांटा नही है। आप खाली पैर जंगल को आसानी से घूम सकते हैं। हमारे प्रदेशवासी भगवान राम के पद चिन्हों का अनुसरण करते हुए जब किसी काम से जंगल जाते हैं कि तो सबसे पहले मुखिया, पत्नी, फिर बच्चे रहते हैं। आज बस्तर संभाग से माता-पिता तुल्य सियान सभी अयोध्या धाम दर्शन करने जा रहे हैं। ये मेरे जीवन का अमूल्य पल है।
दुर्ग ग्रामीण विधायक श्री ललित चंद्राकर ने कहा कि यह क्षण हमारे लिए गौरवशाली है। छत्तीसगढ़ की जनता श्री रामलला के दर्शन के लिए जा रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की सरकार बनने पर श्री रामलला दर्शन योजना का वादा किया था। उसे पूरा करते हुए छत्तीसगढ़ से अयोध्या के लिए ट्रेन रवाना हुई। छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां की जनता को सरकारी खर्च पर श्री रामलला का दर्शन कराया जा रहा है। यह विशेष ट्रेन 12 कोच वाली है। श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं को पूरा पैकेज मिलेगा। छत्तीसगढ़ से अयोध्या जाने, वहां रहने की व्यवस्था, मंदिर दर्शन, नाश्ते और खाने की भी व्यवस्था की गई है। इस ट्रेन में टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा कर्मी और चिकित्सकों का दल भी मौजूद है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal



