- पुलिस महानिरीक्षक ने आम नागरिकों के लिए सशक्त ऐप के पब्लिक मॉड्यूल का किया शुभारंभ
- पुलिस पब्लिक-पार्टनरशिप बढ़ाने नवाचार
द सीजी न्यूज
भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा माह दिसंबर 2024 में प्रदेशभर में सशक्त ऐप का शुभारंभ किया गया था। यह ऐप चोरी हुए वाहनों का एक एकीकृत (एकल) डेटाबेस है, जिसके माध्यम से पुलिस अधिकारी व कर्मचारी पेट्रोलिंग और नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच कर एक क्लिक में पता कर लेते हैं कि वाहन चोरी का है या नहीं।
आज भिलाई ब्रांच आईसीएआई के सभागार कक्ष सिविक सेंटर में पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने बेहतर पुलिसिंग एवं पुलिस पब्लिक- पार्टनरशिप बढ़ाने सशक्त ऐप के पब्लिक मॉड्यूल का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि सशक्त एप्प की सफलता को देख कर कुछ लोगों द्वारा इसे आम जनता के लिए भी सुगम बनाने का सुझाव दिया गया था। उसी क्रम में आज सशक्त एप्प का पब्लिक मॉड्यूल शुरू किया जा रहा है। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल भी उपस्थित रहे। उन्होने इसे आमजनों की पुलिस कार्य में सहभागिता बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सशक्त एप्प का पब्लिक मॉड्यूल जारी होने से अब आम नागरिक भी अपने मोबाइल फोन पर एक क्लिक में किसी भी चोरी हुए वाहन की जानकारी जांच कर सकेंगे और संदिग्ध या चोरी के वाहन की सूचना पुलिस के अधिकारियों को दे सकेंगे। इससे वाहन चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई संभव होगी और चोरी हुए वाहनों की बरामदगी और अधिक प्रभावी होगी।
स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने बताया कि सशक्त ऐप के माध्यम से दुर्ग रेंज में पिछले एक साल में पुलिस जवानों ने 150 से अधिक चोरी के वाहनों को बरामद किया है। इस एप्प के पब्लिक मॉड्यूल के माध्यम से दुर्ग रेंज के लगभग 40 लाख नागरिक भी इस अभियान में सहभागी बन सकेंगे, जिससे वाहन चोरी पर और अधिक प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
सशक्त एप्प को प्ले स्टोर से डाउनलोड करने के लिए ‘सशक्त सीजी पुलिसÓ लिखना होगा, फिर एप्प को डाउनलोड कर बेसिक जानकारी देकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। लॉगिन आई डी और पासवर्ड डालकर रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। मुख्य पृष्ठ पर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर सर्च कर चोरी/संदिग्ध वाहन की जानकारी प्राप्त नजदीकी थाने में संपर्क कर सकते हैं।
इस ऐप के विकास और सफल क्रियान्वयन में योगदान देने वाली पूरी टीम की सराहना करते हुए पुलिस महानिरीक्षक द्वारा सभी को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया गया कि अगर यह नवाचार दुर्ग रेंज में सफल रहा तो इसे पूरे प्रदेश में लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक फाउंडेशन के जवान, कल्याणी नशा मुक्ति केंद्र, चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, सीए भवन के अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक झा सहित दुर्ग रेंज राजपत्रित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। मंच का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर और उप निरीक्षक डॉ. संकल्प राय ने किया। 00
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
