Breaking News

पांचवे दिन भी धरना जारी, रूआबांधा मैदान पर हाउसिंग बोर्ड के नए आवास निर्माण की योजना का जोरदार विरोध 

द सीजी न्यूज

भिलाई। रिसाली नगर निगम क्षेत्र में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा तालपुरी ब्लॉक-3 के तहत आवासीय व व्यावसायिक परिसर निर्माण की योजना का विरोध पांचवे दिन भी जारी रहा। यहां की बस्ती के निवासी लगातार आवास योजना को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। निवासियों का कहना है कि सरकारी योजना की आड़ में उनके वर्षों पुराने घरों को तोड़ा जा रहा है। उनकी बसाहट उजाडऩे की तैयारी की जा रही है।
बस्तीवासियों ने कहा कि उन्होंने अपने संसाधनों से मकान बनाए हैं। राजेंद्र प्रसाद चंदन, राजेंद्र रजक सहित अन्य प्रभावितों का कहना है कि अधिकांश लोग गरीब तबके से हैं। उन्हें वर्ष 1998 में आवासीय पट्टा दिया गया था, जिसके बाद कई परिवारों ने अपने सीमित संसाधनों से मकान बनाए थे। यहां 57 घरों को तोडऩे की तैयारी की जा रही है।
वर्ष 2015 में यहां 25 से 30 सीटर सुलभ शौचालय का निर्माण किया गया था, जिसे अब निर्माण कार्य के लिए तोड़ा जा रहा है। रुआंबांधा का मैदान बस्ती के बच्चों के खेलने का एकमात्र स्थान है। यहीं पर साप्ताहिक बाजार लगता है और मंदिर भी स्थित हैं। सर्व समाज संस्था रूआबांधा व समस्त महिला संगठन की ओर से प्रभावित परिवारों ने मांग करते हुए कहा कि सरकार अपने निर्णय पर पुनर्विचार करे। नोटिस वापस लेकर यथास्थिति बनाए रखे। आंदोलनकारियों का कहना है कि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इधर, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल वृत्त के उपायुक्त आरके राठौर ने बस्तीवासियों के आरोपों को भ्रामक बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीएसपी से गृह निर्माण मंडल ने यह जमीन खरीदी थी। यहां पर तालपुरी भिलाई में ब्लॉक-सी का निर्माण विधिवत लेआउट प्लान, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की स्वीकृति, भवन अनुज्ञा और रेरा पंजीकरण के बाद नियमानुसार शुरू किया गया है। परियोजना के तहत करीब 150 से 200 परिवारों ने घर खरीदने के लिए पंजीयन कराया है, जिन्हें समय सीमा के भीतर मकान उपलब्ध कराना अनिवार्य है। इस योजना में कमजोर एवं निम्न आय वर्ग से लेकर मध्यम आय वर्ग तक के हितग्राहियों के लिए आवास शामिल हैं।
राठौर का कहना है कि प्रस्तावित आवासीय निर्माण की जमीन पर सिर्फ  18 घर अतिक्रमण की जद में आते हैं। 57 घर तोड़े जाने की बात सही नहीं है। सीमांकन के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया गया है। फिलहाल सामने की खाली जमीन पर ही काम किया जाएगा। 18 घरों को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है। कोर्ट के आदेश के बिना किसी भी प्रकार की तोडफ़ोड़ नहीं की जाएगी। न्यायालय के निर्देशों के अनुसार ही आगे का निर्णय लिया जाएगा।
गृह निर्माण मंडल के अनुसार, रूआबांधा मैदान में प्रस्तावित योजना के तहत 3.75 एकड़ भूमि पर कुल 321 यूनिट का निर्माण किया जाना है। इसमें 280 आवासीय और 41 व्यावसायिक परिसर शामिल हैं। इस परियोजना को 2 से 3 सालों के अंदर पूर्ण कर हितग्राहियों को सौंपने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल बैरिकेडिंग कर निर्माण कार्य की तैयारी शुरू कर दी गई है।

Check Also

सीएम साय कल भिलाई 3 चरौदा में करेंगे 41.14 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन

THE CG NEWS भिलाई-चरोदा नगर निगम मेंं मुख्यमंंत्री विष्णुदेव साय कल 24 नवंबर को 41.14 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!