THE CG NEWS
बिलासपुर। ग्राम संबलपुरी में बने गणेश पंडाल में DJ साउंड बढ़ाने पर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पंडाल के पास नशे में आरोपी ने युवक के सीने में 4-5 बार चाकू घोंपा। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना सकरी थाना क्षेत्र की है। आरोपी मर्डर के बाद भी पंडाल के पास चाकू लेकर घूमता रहा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नशे का आदी है। वह 2 साल नशामुक्ति केंद्र में भी रह चुका है। पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
सोमवार (14 सितंबर) शाम ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने बने गणेश पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी (23) और आकाश सूर्यवंशी (22) मौजूद थे। उनके बीच साउंड सिस्टम को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया।
गुस्से में अमन ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के सीने पर लगातार 4 से 5 वार किए। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक हुई वारदात से पंडाल के आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
शुरुआती पूछताछ में पता चला कि पंडाल के पास डीजे बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटना के बाद अमन सूर्यवंशी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ कर विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है। वह दो से तीन साल तक नशामुक्ति केंद्र में भी रह चुका है।
CSP सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि आरोपी को उसके परिजन पहले भी कई बार नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं, लेकिन उसकी नशे की लत नहीं छूटी। मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
