THE CG NEWS
भिलाई नगर निगम चुनाव के लिये भाजपा और कांग्रेस में प्रत्याशी चयन के लिये दोनों दलों में मंथन का दौर चल रहा है। भाजपा में महापौर टिकट के लिये पौन दर्जन दावेदारों ने दावा किया है। वहीं, कांग्रेस में दावेदारी के बीच एक स्पष्ट संदेश प्लांट कर दिया गया है – टिकट के दावेदारों में से टॉप 2 दावेदार तय हो चुके हैं। मंत्रणा के बाद अंतिम रूप से घोषणा करना बाकी है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार नगर निगम भिलाई के महापौर पद के लिये वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा, महेश वर्मा, कन्हैया सोनी, विजय जायसवाल, डॉ प्रदीप चौधरी, वीरेंद्र साहू, ऋचा सेन दावेदार माने जा रहे हैं। सूत्र बता रहे हैं कि इन दावेदारों ने अलग-अलग स्तर पर टिकट पाने के लिये लॉबिंग शुरू कर दी है।
इधर, भाजपा संगठन ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि टिकट का फैसला पॉवर के दम पर नहीं, बल्कि परफार्मेंस के आधार पर होगा। भिलाई नगर निगम में विजय पताका फहराने में सक्षम दावेदार को टिकट दी जाएगी। महापौर प्रत्याशी के साथ ही वार्ड पार्षद प्रत्याशी घोषित करने की प्रक्रिया में भी पॉवर गेम की बजाय पब्लिक के बीच दावेदार की इमेज और जीतने की क्षमता को महत्व दिया जाएगा।
टिकट के लिये भागमभाग और दावेदारी के बीच भिलाई भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच चर्चाओं, अटकलों और कयासों का दौर भी तेज हो चला है। टिकट किसे मिलेगी? इसकी अटकलों के साथ ही सबसे ज्यादा चर्चा विधायक रिकेश सेन की टिकट को लेकर चर्चा हो रही है।
विधायक रिकेश सेन दिसंबर 2023 में विधायक चुने गए। पौने तीन साल के दौरान उन्होंने कई लोकलुभावन योजनाएं शुरू की। लेकिन, जमीनी स्तर पर जनसंपर्क और जनसमस्या का निराकरण करने के मामले में रिकेश की निगेटिव मार्किंग हो रही है। एक साल पहले वार्डों में जनता से सीधा संवाद करने तामझाम से विधायक का स्कूटी से दौरा कार्यक्रम शुरू किया गया। महज दो-तीन वार्डों में दौरा करने के बाद अभियान बंद हो गया। हर वार्ड में विधायक रिकेश सेन को भारी जन आक्रोश का सामना करना पड़ा। लोकलुभावन योजनाओं को लेकर भी रिकेश की स्थिति जमीनी स्तर पर सकारात्मक नहीं है। विधायक कार्यालय में भेंट-मुलाकात के दौरान रिकेश सेन के व्यवहार से ज्यादातर भाजपा पार्षद, कार्यकर्ता और जनता नाराज बताए जा रहे हैं।
संगठन में सबको लेकर चलने वाले भिलाई भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन की दावेदारी को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया है। भिलाई के कई भाजपा नेता संगठन में व्याप्त गुटबाजी को खत्म करने में देवांगन की नाकामी और उनकी असहाय जैसी भूमिका को लेकर प्रश्नचिन्ह लगा रहे हैं। अधिकांश संगठन नेता मानते हैं कि देवांगन के ढीले रवैये और लचर कार्यप्रणाली के कारण ही भाजपा में गुटबाजी पनप रही है। पुरुषोत्तम देवांगन के महापौर की टिकट की दावेदारी पर एक भाजपा नेता ने सीधा सवाल किया – जिला भाजपा अध्यक्ष होने के नाते अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को नहीं संभाल पा रहे हैं तो विपक्ष को कैसे संभालेंगे। जनता का सामना कैसे करेंगे। कमान संभालने में देवांगन की नाकामी उन्हें टिकट की रेस में काफी पीछे कर रही है।
भिलाई नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा को भी महापौर की टिकट के लिये प्रबल दावेदार माना जा रहा है। सिन्हा ने बीते पांच साल में नगर निगम की कांग्रेसी सत्ता पर तीखे तेवरों के साथ हमला किया। जनहित से जुड़े सिन्हा के तीखे सवालों पर सत्तापक्ष के साथ-साथ अधिकारी वर्ग की सांस भी कई बार थमी। सधे हुए वक्ता के रूप में कांग्रेस को कई बार अपने विरोधी तेवरों से सिन्हा ने घेरा। उन्हें ज्यादातर भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्षदों का समर्थन हासिल है। लेकिन …
क्या रिकेश की दावेदारी को नकार सकेगा भाजपा नेतृत्व ?
जी हां …. बड़ा सवाल यही है कि क्या भाजपा नेतृत्व रिकेश सेन की दावेदारी को नकार पाएगा। अगर रिकेश की दावेदारी कटी तो भोजराज सिन्हा की दावेदारी प्रबल हो सकती है। माना जा रहा है कि टिकट रिकेश और भोजराज में से ही किसी एक को मिलेगी। विकास के लिहाज से टाउनशिप की तुलना में वैशाली नगर कई मायनों में पिछड़ा माना जाता है। वैशाली नगर के पार्षद और स्थानीय जनता की प्रबल इच्छा है कि इस बार के चुनाव में पटरीपार से ही महापौर चुना जाए। ताकि, क्षेत्र का विकास सही मायनों में हो सके।
क्या कहती है पब्लिक ?
जुनवानी, प्रेम नगर कैम्प 1, मदर टेरेसा नगर जैसे वार्डों के नागरिकों का कहना है कि गली-कूचे में समस्याएं हैं। सड़कें नहीं बनी है। नालियों की सफाई नहीं होती। गर्मी में पेयजल संकट की स्थिति भी रहती है। टिकट जिसे भी मिले, समस्या हल करने वाला महापौर चाहिये। वैशाली नगर की जनता को कार या स्कूटी वाला नहीं, पैदल वार्ड का भ्रमण करने वाला महापौर चाहिये।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
