THE CG NEWS
रायपुर। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार 207 सरकारी स्कूलों को निजी हाथों में सौंपने जा रही है। इस खबर का खुलासा होने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साय सरकार पर तीखा हमला बोला है। भूपेश ने कहा कि साय सरकार ने पहले हज़ारों शासकीय स्कूल बंद कर दिए और अब 200 से अधिक शासकीय स्कूलों को निजी हाथों में सौंपने जा रही है।
भूपेश ने कहा कि शासकीय स्कूलों को निजी हाथों में देने के बाद स्कूल में पढ़ाई मुफ़्त में नहीं होगी, बल्कि फ़ीस देनी पड़ेगी और इसे निजी स्कूल के प्रबंधन ही तय करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले भाजपा सरकार ने कांग्रेस सरकार में शुरू किए गए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट स्कूलों का नाम बदला और वहां फीस लेना शुरू कर दिया। जिन स्कूलों का नाम नहीं बदल पाए वहां संसाधन देना बंद कर दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की नीयत ग़रीब और साधन विहीन परिवारों के बच्चों को शिक्षा से वंचित रखने की है। सरकार को एक विस्तृत विवरण सार्वजनिक करने चाहिए कि किन शर्तों पर किन संस्थाओं को ये स्कूल दिए जा रहे हैं और वहां पढ़ रहे बच्चों को कितनी फ़ीस देनी होगी।
भूपेश ने सवाल किया कि उन बच्चों का क्या होगा जो वहां पढ़ रहे हैं और फ़ीस देने की स्थिति में नहीं हैं? और उन शिक्षकों का क्या होगा जो वहां पढ़ा रहे हैं? जो भवन सरकारी खर्च से बने हैं, उसके बदले सरकार को क्या मिलने वाला है?
भूपेश ने कहा कि भाजपा सरकार के इस निर्णय पर भाजपा के सांसद ही सवाल खड़े कर रहे हैं। और ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है, इससे पहले रमन सरकार में कई शासकीय स्कूल लीज़ पर दे दिए गए थे।
भूपेश ने कहा कि भाजपा जनता को अपढ़ रखना चाहती है, ताकि उसे धर्म संप्रदाय और जाति में उलझा कर रखा जाए और बेसिरपैर-अवैज्ञानिक बातें उनके मस्तिष्क में भरकर रखी जा सकें। यह छत्तीसगढ़ की आम जनता के साथ अन्याय है। हम इसका भरपूर विरोध करेंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
