- डंके की चोट पर चल रहा मिलावट का कारोबार
THE CG NEWS
दुर्ग। कांग्रेस नेता देवकुमार जंघेल ने ऐन दीपावली के पहले महंगाई बढ़ने के कारण आम आदमी की परेशानी का मुद्दा उठाया है। जंघेल ने कहा कि चावल, दाल, आटा, तेल और शक्कर सहित सभी दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। त्यौहार पर महंगाई की मार से आम आदमी का घरेलू बजट गड़बड़ा रहा है। खाने-पीने की वस्तुओं पर हर परिवार को हर महीने एक से डेढ़ हजार रुपये अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। दूसरी ओर खाद्य पदार्थों में मिलावट का कारोबार भी डंके की चोट पर चल रहा है और सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठकर तमाशा देख रही है।
दुर्ग नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष जंघेल ने कहा कि सरकार को महंगाई की मार से आहत जनता से कोई सरोकार ही नहीं है। सबसे हैरत की बात यह है कि धान का कटोरा कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ में चावल के दाम में ही प्रति किलो 30 रुपये तक की वृद्धि हो गई है। सर्वाधिक उपयोग में आने वाली अरहर दाल के दाम पचास रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। मसूर, मूंग और चना दाल के भाव भी आसमान छू रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शक्कर के दाम भी तेजी से बढ़े हैं। शक्कर पचपन से साठ रुपये किलो बिक रही है। फल्ली और सरसों तेल की कीमतों में भी बेतहाशा बढ़ोतरी हो गई है। आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने शासन-प्रशासन कोई पहल नहीं कर रहा है।
मिलावट रोकने के लिये भी कड़े कदम नहीं उठाए जा रहे है। इससे साफ है कि सरकार की मिलीभगत से ही लूट का बाजार चल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कीमतों को नियंत्रित करने और मिलावट रोकने की दिशा में सरकार ने कारगर कदम नहीं उठाए तो जनहित से जुड़े इस मुद्दे को लेकर कांग्रेसजन आंदोलन करने पर बाध्य होंगे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
