- दिवाली की रात असामाजिक तत्वों के दोहरे उपद्रव से सहमे निवासी
- तीन टावरों में जलापूर्ति ठप होने से 70 से अधिक लोग प्रभावित
THE CG NEWS
भिलाई। दिवाली की रात सूर्य विहार आवासीय परिसर में असामाजिक तत्वों के उपद्रव से यहां के निवासी परेशान हो गए। असामाजिक तत्वों की दबंगई की घटना से स्थानीय निवासियों में दहशत है।

दीवाली की रात 8 नवंबर रविवार को लगभग 11 बजे सूर्य विहार टावर 3 ए और 4 बी के पास चार उपद्रवियों ने दो बड़े पटाखा बमों को एक साथ जोड़कर विस्फोट किया। धमाका इतना तेज था कि चार-पांच मकानों की खिड़कियों के कांच टूटकर बिखर गए। एक मकान का एग्जॉस्ट फैन क्षतिग्रस्त होकर गिर पड़ा।
घटना के फौरन बाद परिसर की एक महिला ने बाहर निकलकर उपद्रव करने वाले लोगों का विरोध किया और फटकार लगाई। इसके बाद युवक मौके से भाग निकले।
नशे में धुत आरोपियों ने की दोबारा दबंगई, धमकी भी दी
अगले दिन 9 नवंबर सोमवार की शाम करीब 6:30 बजे नशे की हालत में उपद्रवी एक बार फिर परिसर में दाखिल हुए। उस समय पार्किंग क्षेत्र में मौजूद उसी महिला और एक अन्य निवासी ने जब उनसे एक दिन पहले की घटना को लेकर सवाल किया, तो आरोपी उलझ पड़े। युवकों ने यहां के निवासियों को अंजाम भुगतने और बड़ा नुकसान पहुंचाने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस घटना के बाद से परिसर के निवासियों में सुरक्षा को लेकर डर का माहौल है।
मुख्य पाइप लाइन टूटी, लोग पानी के लिये तरसे
असामाजिक तत्वों ने सूर्य विहार टावर 9 ए, 9 बी और 9 सी की मुख्य जलापूर्ति लाइन पर पटाखा रखकर विस्फोट किया था। इससे पाइपलाइन फट गई और ओवरहेड टैंक में भरा पानी बह गया। तीनों टावरों के कई फ्लैट में घंटों तक पेयजल सप्लाई ठप रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां के एक फ्लैट में आए कुछ लोगों ने इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकत को अंजाम दिया है।
घटना से आक्रोशित सूर्य विहार के निवासियों ने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर उपद्रवियों की त्वरित गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग भी की गई है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
