- विधायक रिकेश सेन ने वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं किया
- जनता की अनदेखी कर रहे नगर निगम और जिला प्रशासन के अफसर
THE CG NEWS
दुर्ग। वार्ड एक जुनवानी के नागरिकों ने जनसमस्याओं को लेकर नाराजगी जताते हुए बुधवार को कड़ा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कई साल से जनसमस्याओं के निराकरण की मांग के बावजूद समाधान न करने पर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारी जुनवानी चौक पर सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वार्ड के नागरिकों ने विधायक रिकेश सेन की निष्क्रियता को लेकर भी कड़ी नाराजगी जताई।
वार्ड 1 के नागरिकों ने कहा कि मुक्तिधाम में डोम शेड का निर्माण करने की मांग कई साल से की जा रही है। मुक्तिधाम में डोम शेड न होने से बारिश के मौसम में अंतिम संस्कार के दौरान परेशानी होती है। इसी तरह तालाब में गंदगी और जलकुंभी जमा होने से स्नान व धार्मिक आयोजनों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। तालाब गंदा होने के कारण नहावन आदि के लिये भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
वार्ड के नागरिकों ने वार्ड की खस्ताहाल सड़कों, नाली निर्माण और त्योहारों के समय सफाई में भेदभाव के आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक रिकेश सेन सिर्फ एक बार समस्याएं देखने आए थे। विधायक ने किसी भी समस्या का समाधान नहीं किया। वार्ड के नागरिक जनसमस्याओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय में भी आवेदन दे चुके हैं। लेकिन अभी तक समस्याएं जस की तस है।
स्थानीय लोगों ने पूर्व में किए गए विकास कार्यों के वादों के पूरे न होने पर प्रशासन और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रखने की चेतावनी दी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर चक्काजाम कर रहे लोगों को हटाया और चक्काजाम समाप्त कराया।
वार्ड के नागरिक ओमेन साहू, विजय यादव ने बताया कि पार्षद की मौत के बाद से वार्ड की समस्याएं जस की तस हैं। वार्ड में सामुदायिक भवन भी नहीं है। मुक्तिधाम में जरूरी सुविधाएं नहीं है। तालाब की सफाई की जरूरत है लेकिन प्रशासन उनकी समस्याएं नहीं सुन रहा। उन्होंने कहा कि विधायक रिकेश सेन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलना तो दूर, यहां आवश्यक सुविधाएं भी नहीं हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
