
- 15 लाख की लागत से गौठान में फेंसिंग, गेट व अन्य कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग नगर निगम के महापौर धीरज बाकलीवाल ने आज पुलगांव स्थित गौठान का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कल्याणम महिला स्व सहायता समूह के संचालक से मुलाकात की और गौठान की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। डाक्टर द्वारा प्रतिदिन गायों के स्वास्थ्य की जांच और इलाज की जानकारी लेने के साथ ही गौठान में मवेशियों के लिये की गई व्यवस्थाओं को लेकर महापौर ने समूह के संचालक पर नाराजगी जताई। बाकलीवाल ने साफ कहा कि गौठान में गायों के रहने की व्यवस्था और चारा आदि के प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही न करें।

इस दौरान वित्त विभाग प्रभारी दीपक साहू, शिक्षा विभाग प्रभारी मनदीप सिंह भाटिया और कार्यपालन अभियंता एमपी गोस्वामी मौजूद थे। महापौर धीरज बाकलीवाल ने गौठान की स्थिति का जायजा लेते हुए सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बारिश के मौसम के कारण पानी का जमाव वाले स्थानों पर मलमा डालने की व्यवस्था करें। शेड निर्माण जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिये ताकि जानवरों को बारिश और कीचड़ से बचाया जा सके।
बाकलीवाल ने सड़क सीमेंटीकरण, नाली और पुलिया के लिए जल्द प्रस्ताव बनाने के लिए आवश्यक निर्दे देते हुए कहा कि गौठान में जानवरों के लिए चारा व्यवस्था करने चारों तरफ फेंसिंग कराएं ताकि जानवरों के लिए चारा सुरक्षित रहे। मवेशियों के लिए गाजर घांस आदि की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिये गए। उन्होंने कहा गौठान में होने वाले निर्माण कार्यो में तेजी लाएं। 15 लाख की लागत से हो रहे फेंसिंग कार्य और गेट बनाने के निर्देश भी दिये।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal