Breaking News

भिलाई नगर निगम : कार्यपालन अभियंता टी.के. रणदिवे सस्पेंड

  • कलेक्टर के निर्देश पर निगमायुक्त प्रकाश सर्वे ने की निलंबन की कार्रवाई

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

भिलाई नगर/ नगर निगम भिलाई के वैशाली नगर जोन में पदस्थ कार्यपालन अभियंता टी.के. रणदिवे को कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के निर्देश पर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने सस्पेंड कर दिया है। ट्रैफिक सिग्नल के अनियमितता के मामले में 8 सितंबर को रणदिवे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था और 3 दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने कहा था। कार्यपालन अभियंता ने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया।

छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम (1)(2)(3) के अंतर्गत कार्यपालन अभियंता टी.के. रणदिवे को तत्काल प्रभाव से निगम आयुक्त ने निलंबित कर दिया। निलंबन की अवधि में रणदिवे का मुख्यालय जोन क्रमांक 5, सेक्टर 6 होगा। नेहरू नगर और खुर्सीपार चौक में ट्रैफिक सिग्नल के स्थापना, संचालन, संधारण के लिए निगम ने रुचि की अभिव्यक्ति के तहत ए. एस. एडवरटाइजर्स के साथ अनुबंध कर कार्यादेश जारी किया था। इसकी प्रक्रियाओं में बड़ी गड़बड़ी की बात सामने आई थी और मामला कलेक्टर और निगम आयुक्त तक पहुंचा।

मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच की गई। जांच से कई गड़बड़ियां उजागर हुई। प्रारंभिक परीक्षण और जांच रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि ट्रैफिक सिग्नल के संचालन, संधारण एवं स्थापना के लिए रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित किए जाने और नियम शर्तों का सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन लिया गया लेकिन जब दरें प्राप्त हुई तब अनुबंध और कार्य आदेश जारी करने के लिए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति नहीं ली गई। महापौर परिषद ने यूनीपोल के लिए दिनांक 18 नवंबर 2020 को राजस्व विभाग द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर दर का निर्धारण किया था लेकिन फिर भी ट्रैफिक सिग्नल के मामले में वर्ष 2016 के प्राप्त दरो को निविदा समिति में रखा गया और 2020 व 2016 की दरों का तुलनात्मक औचित्य का ध्यान नहीं रखा गया।

पूर्व स्वीकृत दर का लगभग 4 गुना कम दर पर अनुशंसा दे दी गई। रुचि की अभिव्यक्ति के नियम, शर्तों के विपरीत जाकर एजेंसी से अनुबंध किया गया और एजेंसी को सक्षम स्वीकृति के बिना ही लगभग 4 गुना अधिक साइज पर कार्य आदेश दे दिया गया। ट्रैफिक विभाग के द्वारा अनुशंसित स्ट्रक्चर की स्वीकृति, अनुमति, अनुमोदन, सक्षम प्राधिकारी/विभाग से प्राप्त नहीं किया गया। ट्रैफिक सिग्नल से संबंधित इस पूरे मामले में रुचि की अभिव्यक्ति की प्रक्रिया, निविदा समिति, अनुबंध तथा कार्य आदेश सक्षम प्राधिकारी द्वारा अनुमोदित नियम एवं शर्तों के विपरीत पाया गया। भिलाई निगम को लगभग 4 गुना कम राजस्व की प्राप्ति और एजेंसी को 4 गुना अधिक विज्ञापन यूनीपोल साइज की अनुमति से निगम को गंभीर आर्थिक क्षति हुई। इन सभी कारणों को देखते हुए कार्यपालन अभियंता टी.के. रणदिवे को निलंबित कर दिया गया है।

Check Also

प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण का पावन पर्व है गोवर्धन पूजा : मुख्यमंत्री साय

हमारी संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान, कृषि और ग्रामीण जीवन की समृद्धि से जुड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!