Breaking News

कलेक्टर ने किया खेत में पहुंचकर गिरदावरी कार्य का निरीक्षण : नक्शा से किया मिलान : स्कूल, अस्पताल, गौठान और आंगनबाड़ी का निरीक्षण किया

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

राजनांदगांव / कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज विकासखंड छुरिया में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, गिरदावरी और शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं की गतिविधियों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। उन्होंने भर्रीटोला और पेण्ड्रीडीह के गौठान, आंगनबाड़ी केन्द्र, शासकीय प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का अवलोकन कर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

कलेक्टर ने ग्राम भर्रीटोला और पेण्ड्रीडीह के आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गंंभीर कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देते हुए बच्चों को सतत निगरानी में रखा जाए। गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बच्चों के साथ माताओं की स्वास्थ्य जांच कराने और कुपोषित बच्चों व एनीमिक माताओं की पहचान कर सतत निगरानी रखते हुए स्वास्थ्य सुविधा और दवाई उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से अभिभावकों की बैठक लेकर उनकी काउंसिलिंग करने कहा, जिसमें कुपोषण के दौरान बच्चों को पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य जांच और दवाईयों के बारे में  जानकारी दी जा सके। कलेक्टर कहा कि कि कुपोषण अभिशाप है। बच्चों को कुपोषण से दूर करना है।

कलेक्टर ने किया गिरदावरी कार्य का निरीक्षण : खेत में पहुंचकर नक्शा से किया मिलान

कलेक्टर ने ग्राम सड़क चिरचारी और खोभा में गिरदावरी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर नक्शा से मिलान कर मौका मुआयना किया। कलेक्टर ने किसान से धान की खेती के साथ अन्य फसल की जानकारी ली और धान के बदले अन्य फसल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी, ताकि किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

गौठान का किया अवलोकन : किसानों को वर्मी कम्पोस्ट क्रय करने प्रेरित करें

कलेक्टर तारन सिन्हा ने भर्रीटोला और पेण्ड्रीडीह गौठान का अवलोकन किया। उन्होंने महिला स्वसहायता समूह द्वारा किए जा रहे कार्यों और गोबर खरीदी व विक्रय की जानकारी ली। वर्मी कम्पोस्ट निर्माण में तेजी लाने और इनका विक्रय सुनिनिश्चत करने कहा। किसानों और ग्रामवासियों को वर्मी कम्पोस्ट खरीदने के लिए प्रेरित करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि वर्मी कम्पोस्ट रासायनिक खाद की अपेक्षा स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है। किसान खेतों में इसका उपयोग करें। उन्होंने गौठान के समीप तालाब में मछलीपालन करने कहा। स्वसहायता समूह की आय में वृद्धि के लिए गौठान में विभिन्न गतिविधियां संचालित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने अधिकारियों को निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की ली जानकारी
कलेक्टर ने खोभा के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टर व मेडिकल स्टॉफ की जानकारी ली। इस दौरान केन्द्र में वैक्सिनेशन की जानकारी लेते हुए कहा कि शत-प्रतिशत टीकाकरण कराएं। उन्होंने लैब, पुरूष भर्ती वार्ड, वैक्सीनेशन प्रतीक्षा कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध दवाईयों का वितरण करने और नागरिकों को सरलता से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने किया भर्रीटोला में वृहद वृक्षारोपण स्थल का निरीक्षण

कलेक्टर ने भर्रीटोला में लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में वृहद वृक्षारोपण स्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्र में लगभग 555 पौधे रोपे गए हैं। जिसमें आम, अमरूद, आंवला, नीबू, कटहल, काजू, जामुन, जिमीकंद के पौधे लगाए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि पौधरोपण के साथ देखरेख तथा संरक्षण भी जरूरी है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, एसडीएम डोंगरगांव हितेश पिस्दा, जनपद सीईओ प्रतीक प्रधान, तहसीलदार भरतलाल ब्राम्हे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने शिक्षक की अनुपस्थिति पर कार्रवाई करने के दिए निर्देश

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा आज छुरिया विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम भर्रीटोला और खोभा के शासकीय प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला पहुंचे। कलेक्टर ने ग्राम भर्रीटोला के प्राथमिक शाला में कक्षा पांचवीं के बच्चों से हिन्दी विषय के प्रश्र पूछे। रोबोट क्या होता है, सड़क बनाने में किन-किन सामग्रियों की आवश्यकता होती है और सड़क और पगडंडी में अंतर जैसे सवाल किये, जिसका बच्चों ने तत्परतापूर्वक जवाब दिया। बच्चों की हाजिर जवाबी से कलेक्टर ने बच्चों को शाबासी दी। बच्चों को मन लगाकर पढऩे के लिए लिए प्रोत्साहित किया। पूर्व माध्यमिक शाला में शिक्षकों की जानकारी और उपस्थिति पंजी की जांच के दौरान अनुपस्थित पाए गए शिक्षक पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा लापरवाही करने पर कार्रवाई होगी। स्कूल में शिक्षक बच्चों को गुणवत्तापूर्वक अध्ययन कराएं।

Check Also

पर्युषण पर्व : आत्मशुद्धि, अहिंसा और क्षमा का महापर्व : डा. मणिभद्र मुनि

पर्युषण पर्व का श्रमण संघ परिवार ने किया तप साधना से स्वागत-अभिनंदन महिलाएं पीली साड़ी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!