
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
भिलाई नगर निगम के कमिश्नर प्रकाश सर्वे ने राजस्व वसूली की बैठक में कम वसूली को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पैरो और जोन के राजस्व विभाग के बीच समन्वय न होने पर असंतोष जाहिर किया और समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए। संपत्तिकर, समेकित कर और शिक्षा उपकर के वार्षिक लक्ष्य के मुताबिक केवल 27.93% की वसूली में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि डोर टू डोर जाकर शतप्रतिशत कलेक्शन करें। केवल काउंटर में बैठकर वसूली करने से काम नहीं चलेगा। वसूली बढ़ाने के लिए शिविर का आयोजन भी करें।
कमिश्नर ने प्रत्येक जोन में टैक्स वसूली की बारी-बारी से समीक्षा की। सहायक राजस्व अधिकारियों को स्पैरो से समन्वय बनाकर कार्य करते हुए 100 प्रतिशत वसूली करने के निर्देश दिए। उपायुक्त व संपत्तिकर के अधिकारी सुनील अग्रहरि को राजस्व वसूली की नियमित रूप से रोज मानिटरिंग करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर ने करदाता द्वारा दी जाने वाली स्वविवरणी में से 10% स्वविवरणी की नियमित रूप से सहायक राजस्व अधिकारी को जांच करने और जांच के बाद संपूर्ण कार्यवाही जोन स्तर पर करने के निर्देश दिए। गलत स्वविवरणी देने वाले करदाताओं पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसी तरह अवैध कॉलोनियों में निर्मित भवनों को संपत्तिकर के दायरे में लाने के लिये तीन दिनों के भीतर सर्वे सूची तैयार करने कहा है। बैठक में नल कनेक्शन, कनेक्शनधारियों की संख्या ( वैध, अवैध और नियमित नल कनेक्शन) आवासीय, आवास सह व्यवसाय एवं औद्योगिक तथा बल्क कनेक्शन की संख्या और मांग, वसूली का विवरण आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, उपायुक्त सुनील अग्रहरी, लेखा अधिकारी जितेंद्र ठाकुर, सहायक अधीक्षक बी.एल. असाटी, सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे, अनिल मेश्राम, मलखान सिंह शोरी व बालकृष्ण नायडू सहित स्पैरो के कर्मचारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal